ETV Bharat / state

खतरों के खिलाड़ी बन MLA अभिजीत शाह ने बुझाई आग, खुद के हाथ झुलसे, बच्चे बचे

टिमरनी विधायक अभिजीत शाह ने स्कूल के किचन में सिलेंडर में लगी आग जान पर खेलकर बुझाई. सुनील कुशवाह की रिपोर्ट.

MLA Abhijit Shah Daredevil
विधायक अभिजीत शाह ने बुझाई स्कूल में लगी आग (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 22, 2026 at 7:32 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हरदा : टिमरनी से कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह की जांबाजी के चर्चे हैं. वह अपनी जान जोखिम में डालकर आग के बीच पहुंचे और गैस सिलेंडर फटने से रोका. आग लगने के दौरान स्कूल में 265 बच्चे मौजूद थे. घटनाक्रम शनिवार दोपहर का है. आग बुझाने के दौरान विधायक के हाथ झुलस गए. आग बुझाने के बाद विधायक शाह ने स्कूल के शिक्षकों से सावधानी बरतने की नसीहत दी.

रास्ते में रुककर विधायक ने आग बुझाई

टिमरनी विधायक अभिजीत शाह शनिवार सुबह हरदा विधायक आरके दोगने के पिताजी के निधन के बाद उनकी अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे. सिराली से निकलते समय रास्ते में ग्राम खुदिया में सरकारी स्कूल के किचन से आग की लपटें और धुआं देखकर विधायक शाह ने अपनी गाड़ी रुकवाई और जाकर देखा तो पता चला कि स्कूल के किचन में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगी है. इस दौरान लोग बाहर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे.

विधायक अभिजीत शाह ने स्कूल के किचन में लगी आग बुझाई (ETV BHARAT)

सिलेंडर ब्लास्ट होता तो बड़ा हादसा हो जाता

विधायक ने अपनी जान की परवाह किये बगैर पहले तो अंदर जाकर गैस सिलेंडर पर पानी डालकर उसे ठंडा किया और फिर गीला कपड़ा डालकर सिलेंडर की आग बुझाई. इस दौरान विधायक के हाथ भी झुलस गए. घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि किस तरह विधायक ने आग बुझाकर गैस सिलेंडर बाहर लाये. आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. अगर सिलेंडर ब्लास्ट होता तो हो बड़ा हादसा हो सकता था.

स्कूल की हालत पर रोष व्यक्त किया

विधायक अभिजीत शाह ने मीडिया से बात करते हुए सरकारी स्कूलों की दुर्दशा पर रोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा "सरकार का ध्यान स्कूलों और शिक्षा पर नहीं है." विधायक स्कूल के शिक्षकों से कहा "ये आप लोगों की जिम्मेदारी है कि अगर कोई हादसा होता है तो बच्चों को कैसे सुरक्षित करें. अगर सिलेंडर फटता तो हादसा बहुत दुखद हो सकता था."