'25 जून के बाद शिक्षकों के मोबाइल पर आएगा नोटिफिकेशन', शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा ऐलान
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा 25 जून के बाद मोबाइल पर नोटिफिकेशन आएगा. पढ़ें.

Published : June 19, 2026 at 7:29 PM IST
कैमूर: बिहार के सरकारी शिक्षक जो अपने घरों से दूर रहकर पढ़ाने को मजबूर हैं, उनको लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया है. साथ ही उन्होंने साफ किया है कि हर हाल में शिक्षकों को पूरी ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाना होगा. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
लक्ष्मी माता की आराधना नहीं चलेगी- मिथिलेश तिवारी: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को रामगढ़ में कहा कि शिक्षा विभाग सरस्वती माता का मंत्रालय है, यहां लक्ष्मी माता की आराधना नहीं चलेगी. शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे मंत्री ने विभागीय अधिकारियों-कर्मियों को भ्रष्टाचार पर सख्त चेतावनी दी, और बेहतर ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया.
"मैंने विभाग के लोगों को स्पष्ट कह दिया है, यह सरस्वती माता का मंत्रालय है.लक्ष्मी माता को प्रणाम करना है तो दूसरे विभाग में चले जाइए. यहां सरस्वती माता की आराधना करनी होगी. शिक्षकों का जिला कैडर बनेगा. जो शिक्षक जिस जिले का चयन करेंगे, वहीं के होकर रह जाएंगे. बीच में जिला बदलने पर वरिष्ठता समाप्त हो जाएगी."- मिथिलेश तिवारी, शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार
शिक्षकों को आने वाला है नोटिफिकेशन: सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, महिला शिक्षकों की पदस्थापना उनके निकटतम पंचायत में की जाएगी. पुरुष शिक्षकों की पोस्टिंग निकटतम प्रखंड में होगी. सास ससुर कैमूर में है और बहू मधेपुरा में है. जमा साहब की चिट्ठी पर चिट्ठी आ रही है कि इनलोगों को कैमूर भेज दीजिए. इसलिए मैंने ऐसा उपाय लगाया है कि किसी को कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उनके (शिक्षक) मोबाइल पर 25 जून के बाद एक नोटिफिकेशन जाएगा. उसमें जिला सेलेक्ट करना है, जिसके बाद शिक्षक उस जिले में ऑटोमेटिक चले आएंगे.

"शिक्षकों को दो-तीन नहीं बल्कि 30 ऑप्शन दिए जाएंगे. जहां शिक्षकों को सुविधा हो, चुन लें और वहां जाकर पढ़ाएं. शर्त एक ही है कि पढ़ाई में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे. सारी सुविधा देंगे और सारी बात मानेंगे लेकिन पढ़ाई 100 फीसदी ठीक होनी चाहिए."-मिथिलेश तिवारी, शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार
शिक्षकों को दी बड़ी चेतावनी: इस दौरान मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शौच के लिए भी स्कूल से बाहर गए तो हाजिरी से उड़ा दिए जाएंगे यानी कि अपसेंट लग जाएगा. अब एआई मॉनिटरिंग की जाएगी. स्कूल की बाउंड्री से बाहर शौच के लिए भी जाने पर आधे दिन का हाजिरी चला जाएगा. एक घंटा तक गायब रहने पर पूरे दिन की हाजिरी चली जाएगी. नौकरी को गंभीरता से करना होगा.

पोर्टल पर हाजिरी होगी दर्ज : मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक अब शिक्षा विभाग के पोर्टल पर हाजिरी दर्ज कराएंगे. शिक्षकों का मूल्यांकन छात्रों की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर होगा. एक पद-एक शिक्षक एक स्वीकृति पत्र पर एक ही शिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी.
प्रत्येक प्रखंड में एक मॉडल विद्यालय चयनित: मंत्री ने कहा कि हम शिक्षकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेंगे, परंतु पढ़ाई में शिथिलता नहीं होगी.अब शिक्षक ससुराल जाने के लिए नहीं, बच्चों की पढ़ाई के लिए नियमित विद्यालय जाएंगे. रामगढ़ के लिए मंत्री ने घोषणा की कि प्रत्येक प्रखंड में एक मॉडल विद्यालय चयनित किया गया है. भूमिहीन विद्यालयों एवं उन्नयन वाले विद्यालयों की सूची लेकर कार्य कराया जाएगा. सभा में पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें
'सिमुलतला आवासीय विद्यालय की स्थिति बहुत खराब', शिक्षा मंत्री बोले- लेंगे बड़ा और कड़ा निर्णय
'और करो झगड़ा.. अब कोचिंग पर कसेगा शिकंजा' बिहार सरकार का एलान- 'अर्थ के लिए अनर्थ नहीं होने देंगे'
'BPSC TRE 4 प्रदर्शन में अभ्यर्थियों को भड़का रहे कोचिंग संचालक', बोले बिहार के शिक्षा मंत्री

