ETV Bharat / state

लापता दर्शील का शव एक कुएं से बरामद, क्षत-विक्षत हालत में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा के चंदवारा में लापता दर्शील बरनवाल का शव एक कुएं से बरामद हुआ है. पुलिस जांच में जुट गई है.

Darsheel Barnwal
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 29, 2026 at 9:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना इलाके के पिपराडीह में लापता दर्शील बरनवाल उर्फ ​​सोनू का शव क्षत-विक्षत हालत में एक कुएं से बरामद हुआ है. शव की पहचान उसके कपड़ों और मोबाइल फोन से हुई. चंदवारा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है.

बता दें कि दर्शील बरनवाल 19 नवंबर से लापता था और उसकी काफी तलाश की जा रही थी. जब दर्शील घर से गायब हुआ तो उसका मोबाइल फोन उसके पास था, जो उसकी जेब से मिला है. पुलिस बरामद मोबाइल फोन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

परिजन का बयान (Etv Bharat)

दर्शील बरनवाल के छोटे भाई विवान बरनवाल ने बताया कि मोबाइल फोन से पता चला है कि यह उसके भाई का ही शव है. मृतक के मामा अशोक मोदी ने बताया कि बरामद शव दर्शील का ही है और उसकी हत्या कर उसे कुएं में फेंक दिया गया है. उसके शव को पत्थर या किसी भारी चीज से बांध दिया गया था ताकि वह पानी में तैर न सके. उन्होंने कहा कि पुलिस दर्शील को जिंदा तो नहीं बरामद कर पाई, लेकिन उसकी मौत के बाद पूरे मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे.

गौरतलब है कि दर्शील अपनी शादी से ठीक 10 दिन पहले 19 नवंबर को अचानक घर से गायब हो गया था. उसके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन उसके घर के पास मिली थी. उसके परिवार और आस-पास के लोग उसे ढूंढने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे थे. हालांकि, गुरुवार शाम को दर्शील की लाश उसके घर से कुछ ही कदम दूर सुखदेव मोदी के कुएं से बरामद हुई.