ETV Bharat / state

दो दिन पहले लापता हुआ था 29 वर्षीय युवक, अब जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश

रविवार को युवक बिना किसी को बताए घर से चला गया था. इसी बीच मंगलवार को युवक का शव पेड़ से लटका मिला.

SHIMLA SUICIDE CASE
जंगल में पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश (SHIMLA POLICE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 10, 2026 at 10:52 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: राजधानी शिमला में हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है. मंगलवार को दो दिन पहले लापता हुए 29 वर्षीय युवक की लाश जंगल में पेड़ से लटकी मिली. युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी शोक की लहर है. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण मौत की असली वजह अभी भी रहस्य बनी हुई है.

मृतक युवक की पहचान लोअर सांगटी, शिमला निवासी शोभित के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शोभित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. परिजनों के अनुसार, वह सामान्य रूप से घर से निकला था और किसी भी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था.

जानकारी के अनुसार, रविवार को शोभित बिना किसी को बताए घर से चला गया था. जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. काफी तलाश के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद सोमवार को परिजनों ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई.

जंगल में मिला शव

गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच मंगलवार को सांगटी क्षेत्र के जंगल में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा. इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतार कर कब्जे में लिया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया, "युवक दो दिनों से लापता था और आज उसका शव पेड़ से लटका मिला है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है."

ये भी पढ़ें: न कॉल आई, न OTP… फिर भी चायवाले के खाते से उड़ गए ₹1.35 लाख