ETV Bharat / state

अल्मोड़ा में 7 दिन बाद घने जंगल में मिली लापता युवती, पुलिस-एसडीआरएफ के अभियान से बची जान

अल्मोड़ा के रानीखेत क्षेत्र में सात दिनों से लापता युवती जंगल में मिली, पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने अस्पताल में कराया भर्ती

ALMORA MISSING GIRL RESCUE
युवती का रेस्क्यू (फोटो सोर्स- SDRF)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 8, 2026 at 10:56 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा: रानीखेत क्षेत्र में सात दिनों से लापता एक युवती को पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया है. लगातार बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बीच सात दिन तक चले सघन सर्च अभियान के बाद सुंदरखाल गांव के पास जंगल में युवती घायल अवस्था में मिली. प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे स्ट्रेचर के सहारे करीब पांच किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए राजकीय अस्पताल रानीखेत भेजा गया. डॉक्टरों की मानें तो उसकी हालत अब नियंत्रण में है.

1 जुलाई को हुई थी लापता: जानकारी के मुताबिक, बीती 3 जुलाई को रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने कोतवाली रानीखेत में अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना बताए निकल गई थी और देर रात तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू कर दी.

ALMORA MISSING GIRL RESCUE
एसडीआरएफ की टीम (फोटो सोर्स- SDRF)

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिला नियंत्रण कक्ष की निगरानी में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल एवं बूबूधाम के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया. मानसून के दौरान तेज बारिश, फिसलन भरे रास्तों और घने जंगलों के बावजूद अभियान लगातार जारी रखा गया.

युवती की तलाश के लिए ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई. संयुक्त टीम को सुंदरखाल गांव से करीब पांच किलोमीटर अंदर जंगल में युवती दिखाई दी. वो घायल और बेहद कमजोर हालत में मिली. इसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने कठिन ट्रेकिंग कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. साथ ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया.

मुख्य सड़क तक पहुंचाने के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. युवती के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस, एसडीआरएफ समेत सभी बचाव दलों का आभार जताया. कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 7 दिनों तक लगातार चलाया गया. आखिरकार उसकी जान बचाई गई.

"युवती एक जुलाई से लापता चल रही थी. जिसे रेस्क्यू टीमों ने खोज निकाला है. युवती सुंदरखाल गांव से 5 किमी अंदर जंगल में मिली. जिसके के बाद युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया."- हरबंस सिंह, एएसपी, अल्मोड़ा

ये भी पढ़ें-