20 दिन पहले गुमशुदा युवती की कोरबा के जंगल में मिली लाश, पास से जहर की शीशी भी बरामद
कुसमुंडा थाना इलाके में गुमशुदगी की रिपोर्ट हुई थी दर्ज, जंगल में कंकाल हालत में मिली लाश

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 29, 2026 at 2:25 PM IST
कोरबा: जिले में एक युवती की लाश बालको थाना इलाके के जंगल में मिली है. पुलिस ने देर रात बॉडी को रिकवर कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के पास एक कीटनाशक की खाली बोतल भी बरामद की गई है. जिससे प्रथम दृष्टया पुलिस ने युवती द्वारा जहर खाने की आशंका जताई है. हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा. पुलिस ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है.
सरपंच ने दी सूचना
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली की बालको थाना इलाके के नवाडीह के जंगल के संदिग्ध हालत में युवती की लाश मिली है. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी युवराज तिवारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार लाश मिलने की सूचना सरपंच पति राय सिंह कंवर द्वारा थाने में दी गई.
कुसमुंडा से 20 दिन पहले लापता हुई थी युवती
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा कर जांच की और मृतका की पहचान सपना धनुवार (20 साल) के रूप में हुई हैं. पुलिस ने बताया कि युवती 7 तारीख को घर से निकली थी और 10 तारीख को कुसमुंडा थाना इलाके में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी. जहां से उसकी शिनाख्त हुई है. युवती की तलाश लगभग 20 दिनों से जारी थी. मृतका के शव के पास से एक ज़हर की शीशी भी बरामद की गई हैं.
शव के पास से जहर की शीशी मिली है. शव में कीड़े भी नहीं लगे हैं, इससे आशंका है कि युवती ने ज़हर का सेवन किया होगा. जैसे ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आएगी तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.- लखन पटले, एएसपी कोरबा
15 जून को अंतिम बार देखी थी
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि युवती अपने माता-पिता के साथ कुसमुंडा थाना क्षेत्र में निवास कर रही थी. लेकिन कुछ दिन पहले ही अपने गृहग्राम आई थी. गांव में 15 जून को अंतिम बार युवती को देखा गया था.

