ETV Bharat / state

बंद पड़ी कार में बच्चे की लाश, खेलने के दौरान लापता हो गया था मासूम

गोपालगंज में 7 साल के लापता मासूम बच्चे का शव घर के बगल में खड़ी कार में मिला. इलाके में सनसनी..पढ़ें खबर-

बंद कार में मिला बच्चे का शव
बंद कार में मिला बच्चे का शव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 22, 2026 at 8:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में घर के बगल में खड़ी कार से सात साल के मासूम बच्चे का शव मिला. उसकी मौत कैसे हुई पुलिस सभी पहलू पर जांच कर रही है. मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव का है, जहां बच्चे के मौत के बाद मातम पसरा हुआ है.

बंद कार में मिला बच्चे का शव : सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम ने कार को घेरकर जांच शुरू कर दी है. एफएसएल की टीम सभी साइंटिफिक तरीके से सबूतों को जुटा रही है. हालांकि बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. बताया जा रहा है कि बच्चा 20 मई की शाम से ही घर से बाहर खेलने के लिए निकला हुआ था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा.

कार की जांच करती एफएसएल की टीम
कार की जांच करती एफएसएल की टीम (ETV Bharat)

परिजनों ने दर्ज कराई थी बच्चे के लापता होने की शिकायत : इधर बच्चा जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की. आसपास के गांवों के रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजन ने मीरगंज थाना में लिखित शिकायत देकर बच्चे के लापता होने की सूचना दी.

घर के पास खड़ी थी कार : पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि घर से कुछ दूरी पर महीनों से खड़ी एक कार के अंदर अनुज का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. बच्चे की मौत कैसे हुई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

तीन भाइयों में मंझला था अनुज : बताया जाता है कि अनुज गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था. बुधवार को वह केंद्र से लौटकर घर आया, खाना खाया और खेलने निकल गया था. अनुज तीन भाइयों में मंझला था. बड़ा भाई अतुल कुमार और छोटा भाई अंकुश कुमार है. उसके पिता गुड्डू यादव पंजाब में रहकर नौकरी करते हैं. घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए.

कैसे हुई बच्चे की मौत? : सवाल ये है कि आखिर बच्चा कार के अंदर गया तो कैसे? क्या उसकी दम घुटने से मौत हुई? अगर हत्या की गई तो क्या वजह थी? ये वो सवाल हैं जिसके जवाब पुलिस को देने होंगे. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें-