कोडरमा में लापता बच्चे का शव बरामद, स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
कोडरमा में लापता बच्चे का शव घर के बगल झाड़ियों से बरामद हुआ है. लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.

Published : January 20, 2026 at 2:04 PM IST
|Updated : January 20, 2026 at 2:20 PM IST
कोडरमा: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र केे राजारायडीह गांव से लापता प्रकाश राणा के 13 वर्षीय पुत्र का शव उसके ही घर के बगल में स्थित झाड़ियों से बरामद किया गया. बता दें कि अभिनंदन सोमवार की सुबह शौच के लिए अपने घर से निकला था और फिर वापस अपने घर नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद परिजनों ने थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी.
झारखंड में लगातार हो रहे बच्चा चोरी की खबरों से भी परिजन चिंतित थे. देर शाम तक जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस व परिजनों द्वारा बच्चों की तस्वीर, मोबाइल नंबर के साथ सभी सोशल मीडिया ग्रुप में शेयर किया गया, लेकिन उससे भी सफलता नहीं मिली. मंगलवार अहले सुबह राजारायडीह गांव के निकट तालाब की ओर कुछ ग्रामीण शौच करने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान वहां उन्हें एक बच्चे का शव दिखाई पड़ा. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गांव वालों को दी.
मौके से पुलिस पहुंचकर शव को लिया अपने कब्जे में
सूचना पाकर लापता बच्चे के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों ने जैसे ही शव देखा, वैसे ही उनकी चीख पुकार मच गई. इसी बीच घटना की सूचना पर मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. बच्चे की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है. अभिनंदन आठवीं का छात्र था.
स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी की बढ़ रही घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. लोगों ने कहा कि पूरे झारखंड में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस इसे रोकने में नाकाम दिख रही है. इस मामले में लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को जब सूचना मिली थी तो पुलिस एक्टिव होने के बजाय 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है. घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने पर लोगों के विरोध और गुस्से का भी सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: रेस्क्यू किए गए बच्चों को मिलेगी मनोचिकित्सकों की काउंसलिंग, माता-पिता की तलाश तेज
बच्चा चोर होने के आरोप में भीड़ ने एक व्यक्ति को पकड़ा, आरोपी को किया गया थाने के हवाले

