दुमका में बालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद, 10 दिन से था लापता
दुमका में लापता बच्चे का शव बरामद हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

Published : December 30, 2025 at 8:28 PM IST
दुमकाः जिला में रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतुड़ियाबी पंचायत के सारमी गांव की पहाड़ी के पास शव मिलने से सनसनी है. मंगलवार को दस दिन से लापता पांच वर्षीय बालक हार्दिक कुमार राय का शव बरामद किया है. शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
पुलिस के पहुंचने पर भारी संख्या में ग्रामीण दोषी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मौके पर जमा हो गये. काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा. इधर बालक के पिता बाबूलाल राय के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
दरअसल, सारमी गांव के बाबूलाल राय का पांच वर्षीय पुत्र हार्दिक कुमार राय दस दिन पहले 21 दिसंबर की दोपहर तीन बजे घर के पास खेलने के दौरान गायब हो गया. परिवार वालों ने काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. 22 दिसंबर को बाबूलाल राय ने रामगढ़ थाना में बेटे के गुम होने की जानकारी दी.
पुलिस मामला दर्ज कर उसी दिन से बालक की लगातार खोजबीन कर रही थी पर उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. बालक के पिता बाबूलाल राय मूल रूप से गोड्डा जिला के पोड़ैयाहाट प्रखंड के खोड़ीशीशा गांव के रहने वाले हैं. वह 10 साल से अपने ससुराल सारमी में ही रह रहे हैं, उनके दो बच्चों में हार्दिक उसका छोटा बेटा था.
क्षत-विक्षत हो गया था बच्चे का सिर
जिस स्थान पर हार्दिक का शव मिला उस स्थान पर परिजन कई बार ढूंढने गए थे. मंगलवार को भी परिवार के लोग दोबारा उसे ढूंढने के लिए पहाड़ी के पास गए थे. रविवार को भी उस स्थान पर फिर जाकर तलाश की थी लेकिन वहां पर शव नहीं था. आज मंगलवार को जब परिजन फिर उसी स्थान पर गए तो शव देख शोर मचाया, शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया था.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
इस पूरे मामले में रामगढ़ के प्रभारी थाना इंचार्ज रमेश भगत का कहना है कि बच्चे के गायब होने का मामला दर्ज कर लगातार तलाश की जा रही थी, अब केस हत्या में तब्दील हो जाएगा. शव मिलने के बाद पुलिस हर मामले पर जांच की जा रही है. ऐसा लगता है कि बच्चे की कहीं और हत्या करने के बाद शव को पहाड़ी के पास लाकर फेंक दिया गया है.
इसे भी पढ़ें- पलामू में अलग-अलग घटना में दो शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
इसे भी पढ़ें- लातेहार में डबल मर्डर, मां और बच्चे की ली जान
इसे भी पढ़ें- पिता पर अपनी कार से तीन वर्षीय बेटे को रौंद कर हत्या का आरोप, पत्नी ने कहा- किसी अन्य महिला के साथ है संबंध

