ETV Bharat / state

कोडरमा में नदी किनारे से बालक का क्षत-विक्षत शव बरामद, 13 दिसंबर से था लापता

कोडरमा में बालक का शव बरामद किया गया है. बरामद कपड़े से शव की शिनाख्त का दावा किया जा रहा है.

Boy Body Recovered In Koderma
शव मिलने के बाद नदी किनारे जुटी लोगों की भीड़. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 30, 2025 at 5:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के इरगोबाद से बीते 13 दिसंबर से लापता तीन वर्षीय बच्चे सैफ अली का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया है. 13 दिसंबर की संध्या करीब 4:00 बजे घर के कुछ ही दूरी से शमशेर आलम का तीन वर्षीय पुत्र सैफ अली अचानक से लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका था. जिसके बाद बच्चे के परिजनों ने जयनगर थाना में बच्चे के गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था.

इधर, बच्चे की खोजबीन को लेकर एसपी अनुदीप सिंह ने मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी, जो बच्चे की खोजबीन कर रही थी. इसी बीच मंगलवार को इरगोबाद की कुछ महिलाएं गांव से सटे नदी किनारे लकड़ियां चुनने गई हुई थीं, जहां उन्हें एक बच्चे का खोपड़ी दिखाई दिया. जिसके बाद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया. इधर महिलाओं का शोर सुनकर ग्रामीण और सैफ अली के परिजन मौके पर पहुंचे. जहां खोपड़ी के पास से बरामद कपड़े से लापता सैफ की शिनाख्त की गई.

मृत बालक के पिता और एसपी अनुदीप सिंह का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

इधर, लापता सैफ का शव बरामद होने की खबर सुनकर देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण नदी किनारे इकट्ठा हो गए. वहीं घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए.

Boy Body Recovered In Koderma
शव मिलने के बाद नदी किनारे जुटी लोगों की भीड़. (फोटो-ईटीवी भारत)

बरामद कपड़े से शव की शिनाख्त

वहीं मृत बालक सैफ अली के पिता शमशेर आलम ने बताया कि जिस कपड़े को पहने उनका बच्चा 13 दिसंबर को लापता हुआ था घटनास्थल से वही कपड़े मिले हैं. जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह शव उनके पुत्र का ही है. उन्होंने बताया कि उक्त कपड़े सैफ के गायब होने के कुछ ही दिन पहले ही उन्होंने ऑनलाइन खरीदा था.

Boy Body Recovered In Koderma
शव मिलने के बाद नदी किनारे पहुंचकर जांच करती पुलिस. (फोटो-ईटीवी भारत)

पुलिस तमाम बिंदुओं पर कर रही जांचः एसपी

इधर, मामले को लेकर कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि उन्हें बच्चे के शव बरामदगी की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि मौके पर टीम को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है. परिजन शव सैफ का होने का दावा कर रहे हैं. उन्होंने बताया की शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि कोई जंगली जानवर द्वारा उसकी यह हालत की गई है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संभवतः अपराधियों ने उसकी हत्या की हो. उन्होंने कहा कि पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें-

धनबाद में संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, नाले में मिला शव, हत्या की आशंका

धनबाद में पुलिया के नीचे मिला 3 दिनों से लापता शख्स का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सरायकेला में गड्ढे से बरामद हुई अज्ञात लाश, अधजले आधार कार्ड से खुलेगा राज