ETV Bharat / state

नाबालिग लड़की को टेलर की दुकान से खींचकर निकाला.. फिर बदमाशों ने मार दी गोली

पटना में नाबालिग लड़की को गोली मारने की वारदात सामने आई है. घायल लड़की का निजी अस्पताल में इलाज जारी है. पढ़ें खबर-

girl Shot in Patna
पटना में नाबलिग लड़की पर फायरिंग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 24, 2026 at 8:28 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार शाम एक सनसनीखेज घटना घटी है. दो बदमाशों ने टेलर की दुकान से खींचकर एक नाबालिग लड़की को गोली मार दी. गोली लड़की के कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गई. घटना के बाद परिजनों ने उसे राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.

एक अन्य शख्स को भी लगी गोली: रैपिडो बाइक से घर लौट रही एक नाबालिग लड़की को निशाना बनाकर बदमाशों ने फायरिंग की. लड़की के अचानक झुक जाने के कारण पहली गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार (निवासी लखनी बिगहा) की कमर में जा लगी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े. जान बचाने के लड़की लिए टेलर की दुकान में घुस गई.

जान बचाने के लिए दुकान में छिपी थी लड़की: दुकानदार के मुताबिक "रविवार शाम को बदमाशों से अपनी जान बचाने के लिए नाबालिग लड़की अचानक दुकान में घुस आई और मेरे पीछे छिप गई. पीछा कर रहे दोनों अपराधी भी दुकान के भीतर दाखिल हो गए और मुझे रास्ते से हटने की धमकी दी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वह बीच में आया तो मुझे भी गोली मार दी जाएगी."

बदमाशों ने लड़की को मारी गोली: दुकानदार को धमकी देने के बाद बदमाश लड़की को जबरन दुकान से बाहर घसीटने लगे. इसी खींचातानी के बीच जब लड़की नीचे गिर गई, तो अपराधियों ने उसके कंधे पर गोली दाग दी और तुरंत घटनास्थल से भाग निकले.

परिजनों को फोन से दी घटना की जानकारी: वारदात के बाद घायल लड़की ने टेलर के मोबाइल से अपने परिवार वालों को पूरी बात बताई. खबर मिलते ही परिजन फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है. भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम हुई इस घटना की वजह से स्थानीय लोगों में काफी डर का माहौल है.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस: घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. सिटी एसपी (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने में जुटी है.

क्यो बोली पुलिस?: सिटी एसपी ने बताया कि, एक सूचना मिली कि एक महिला को गोली लगी है. जांच के लिए टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस की टीम जब अस्पताल पहुंची तो पता चला कि महिला के साथ एक और शख्स को गोली लगी है.

''प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. और भी बिदुं पर जांच जारी है. जिस व्यक्ति ने गोली चलाई है, उसका सत्यापन कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है." - संकेत कुमार, सिटी एसपी, पश्चिमी पटना

लोगों ने बताई आंखो-देखी: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की जान बचाकर दुकान में घुसी थी, लेकिन हमलावर दुकान के अंदर तक पहुंच गए और जबरन लड़की पर हमला कर दिया. दुकान मालिक को धमकी देकर युवकों ने गोली चलाई और मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए. इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस घटना स्थल के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

क्या कहते हैं डीएसपी?: दानापुर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि "नाबालिग लड़की को गोली लगने की घटना सामने आई है. पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच कर रही है. घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें-

झंडा फहराने के लिए घर बुलाया.. फिर मार दी सिर में गोली, युवक का शव सड़क पर फेंककर फरार हुआ दोस्त

बिहार में BJP नेता के भाई को अपराधियों ने मारी तीन गोली