बिहार में बदमाशों ने पत्रकार को मारी गोली, घायल ने इस शख्स पर लगाया आरोप
सिवान में पत्रकार को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी. गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया. पत्रकार ने इस शख्स पर लगाया आरोप. पढ़ें-

Published : February 13, 2026 at 11:51 AM IST
सिवान: बिहार के सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अपराधियों ने एक अखबार के पत्रकार रमेश कुमार सिंह को गोली मार दी. घटना पचरुखी बाजार के भवानी मोड़ के पास उस समय हुई जब पत्रकार अपने गांव जसौली खरग लौट रहे थे.
बाइक पर आए दो बदमाशों ने की फायरिंग: शादी समारोह से लौटने के दौरान भवानी मोड़ से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पत्रकार का पीछ करना शुरू कर दिया. अपराधियों ने ओवरटेक कर अचानक फायरिंग कर दी, जिससे पत्रकार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
पत्रकार का चल रहा है इलाज: आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पत्रकार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पत्रकार रमेश कुमार को फेफड़े के दाहिनी ओर गोली लगी है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से बातचीत कर मामले की जानकारी ली.
बदमाशों ने क्यों मारी पत्रकार को गोली?: घायल पत्रकार ने बताया कि कुछ साल पहले पचरुखी में हुए एक गैंगवार में शामिल अपराधी ने मदद मांगी थी. केस से नाम हटवाने के लिए बोला था लेकिन मैंने मना कर दिया था. उस मामले में वह जेल चला गया था. जेल से उसने धमकी दी थी. इसको लेकर मैंने थाने में शिकायत भी की थी. उसी ने मुझपर हमला करवाया है. हालांकि जेल से निकलने के बाद वह दुबई चला गया है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
"मैं एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था. मैं जब घर जाने के लिए निकला तो बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा करके गोली मार दी. कुछ वर्ष पहले एक गैंगवार हुआ था. जिसमें शामिल एक अपराधी ने मुझसे केस से नाम हटवाने के लिए हेल्प मांगा था लेकिन मैंने मना कर दिया. जब वह जेल गया तो मुझे वहां से धमकी दिया था. मुझे लगता है कि उसी ने ये हमला करवाया है. उस समय भी मैंने पुलिस को आवेदन दिया था."-रमेश कुमार सिंह, पत्रकार
क्या कहती है पुलिस: इस पूरे मामले पर एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि शादी समारोह से लौटते वक्त अपराधियों ने पत्रकार को गोली मारी है. ये आपसी रंजिश का मामला हो सकता है. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
"एक पत्रकार को फेफड़े के पास गोली लगी है. ये आपसी रंजिश के कारण हो सकता है. पत्रकार ने कुछ नाम बताएं हैं, जिस पर उन्हें संदेह है. इसकों लेकर आगे की जांच की जा रही है."- पूरन कुमार झा, एसपी
पत्रकार समुदाय में रोष: इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार माना जा रहा है. घटना के बाद पत्रकार समुदाय में रोष है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही है.
ये भी पढ़ें-
बिहार में बदमाशों ने मुखिया पति को मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
बिहार में इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, CCTV से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

