रेवाड़ी में बेटे के सामने पिता का मर्डर, दुकान पर पहुंचे बदमाशों ने सरेआम मार दी गोली
हरियाणा के रेवाड़ी में दुकान पर बैठे पिता की बेटे के सामने बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर डाली.

Published : December 23, 2025 at 11:00 PM IST
रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी के गांव भाला में मंगलवार की शाम बिना नंबर प्लेट की कार में सवार होकर आए बदमाशों ने खाद-बीज विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी. कार में चार बदमाश सवार थे. दो बदमाश नीचे उतरे और सीधे फायरिंग शुरू कर दी. वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. सूचना के बाद कोसली थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंची. पुलिस ने पास की ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को अपने कब्जे में लिया है. साथ ही बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
बेटे के सामने पिता को गोली मारी : गांव भाला के रहने वाले 47 वर्षीय मोहनलाल गांव के बस स्टैंड पर खाद-बीज की दुकान चलाते हैं जिस पर वे रोज़ की तरह अपने बड़े बेटे दुष्यंत के साथ बैठे हुए थे. मंगलवार की शाम करीब पांच बजे मोहनलाल, उसका बेटा दुष्यंत व कुछ अन्य लोग दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान दुकान के बाहर एक बिना नंबर प्लेट की एंडेवर कार आकर रुकी. कार से दो बदमाश नीचे उतरे. दोनों के हाथ में पिस्टल थी. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने सीधे मोहनलाल को टारगेट करते हुए उन पर फायरिंग कर दी. गोली चलने के बाद मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे. इसके बाद बदमाश कार में बैठकर भाग गए. साथ ही मोहनलाल दुकान के बाहर खून से लथपथ होकर गिर गया. बदमाशों के भागने के बाद उसका बेटे दुष्यंत आसपास के लोगों की मदद से तुरंत मोहनलाल को कोसली के ही एक अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मोहनलाल को तीन गोलियां लगी है.
50 हजार रुपए उधार दिए थे : रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में मोहनलाल के शव को लेकर पहुंचे परिजन ने बताया कि मोहनलाल कुछ माह पहले तक एक ऑनलाइन वर्क करने वाली कंपनी में नौकरी करते थे, जहां पर उनके साथ हिसार का रहने वाला एक युवक भी काम करता था. उसे मोहनलाल ने 50 हजार रुपये उधार दिए थे. वो काफी समय से पैसे नहीं दे रहा था. सोमवार को भी वो बाइक पर अपने एक साथी के साथ मोहनलाल के पास आया था. यहां पैसों के लेन-देन में उसके साथ झगड़ा हुआ था. उसके बाद वो युवक वहां से चला गया. इसलिए उन्हें उसी पर हत्या का शक है. वहीं डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक कर रहे हैं. मौके से तीन खोल और एक कारतूस बरामद हुआ है. अभी आरोपियों की पहचान नहीं हुई है. कल शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - झज्जर में तेज़ रफ्तार ट्रक पलटा, कार का बना कचूमर, 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 4 यूपी के रहने वाले मजदूर
ये भी पढ़ें - "मीटिंग मैं ले रहा हूं, आप नहीं, मैं बोलूंगा", केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल जिला बीजेपी अध्यक्ष को लगाई फटकार
ये भी पढ़ें - क्रिसमस पर फ्री में कार, उद्योगपति ने कर्मचारियों को दिल खोलकर दिया गिफ्ट, खूब हुआ डांस

