रेवाड़ी में बदमाशों की परेड कराई, बाज़ार में पैदल घुमाया, बाइक सवार पर किया था हमला
हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने बदमाशों की परेड कराई और उन्हें बाज़ार में पैदल घुमाया है.

Published : August 29, 2026 at 10:49 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 11:03 PM IST
रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी में आपसी रंजिश के चलते बाइक सवार युवक पर हमला करने के मामले में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में पैदल परेड कराई है.
7 आरोपियों को गिरफ्तार किया : सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए रंजिश के चलते एक युवक को गाड़ी से टक्कर मारकर पिस्टल की नोंक पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में सात आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली.
गाड़ी से बाइक को मारी टक्कर : जांचकर्ता ने बताया कि मोहल्ला न्यू आदर्श नगर रेवाड़ी निवासी मनीष ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया था कि 28 अगस्त की रात समय लगभग 11 बजे वो भाड़ावास चौक से अपने घर के लिए एक अज्ञात व्यक्ति की बाइक पर बैठकर जा रहा था. जब वे आत्मप्रकाश अस्पताल के पास पहुंचे, तो पीछे से आई एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए. स्कॉर्पियो गाड़ी से विक्रम भान, राहुल, दीपांशु उर्फ मैसी, आदित्य उर्फ माया, कुणाल तथा उनके 2-3 अन्य साथी हाथों में पिस्टल, लोहे की रॉड और डंडे लेकर नीचे उतरे. आरोपी विक्रम भान ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद अन्य आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से उसके पैरों, हाथों और शरीर पर बेरहमी से हमला कर दिया.
केस दर्ज कर जांच शुरू की गई : इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की उसके छोटे भाई के साथ पुरानी कहासुनी हुई थी, इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन, रेवाड़ी में आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस ने परेड कराई : मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच का जिम्मा सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार को सौंपा था. इस मामले में सीआईए रेवाड़ी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों व सूचना तंत्र के आधार पर महज कुछ ही घंटों के भीतर वारदात में संलिप्त सात आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विक्रम भान निवासी मोहल्ला गुर्जरवाड़ा रेवाड़ी, हैप्पी निवासी मोहल्ला विकास नगर रेवाड़ी, दीपांशु उर्फ मैसी निवासी मोहल्ला शक्ति नगर रेवाड़ी, विपिन निवासी गांव रोहड़ाई, राहुल, आदित्य उर्फ माया व कुणाल निवासी गांव गोकलगढ़ के रूप में हुई है. पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी, अवैध हथियार व अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है. आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी आदतन अपराधी है. आरोपियों के खिलाफ पहले भी अलग अलग थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद घटनास्थल तक पुलिस ने आरोपियों की परेड कराई और लोग वीडियो बनाते रहे.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : फरीदाबाद में पुलिस ने बदमाशों का पहले सिर मुंडवाया, फिर इलाके में कराई परेड, बंदर-भालू गैंग के हैं सदस्य
ये भी पढ़ें : रेवाड़ी में बदमाशों की निकाली गई परेड, गूंजे “पुलिस जिंदाबाद” के नारे, लोगों की उमड़ी भीड़, बनाया वीडियो
ये भी पढ़ें : फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाश की रेवाड़ी में परेड, टूटे पैर से लड़खड़ाता नजर आया

