स्कूली छात्रा के अपहरण का प्रयास, मुंह पकड़ जबरदस्ती बस में बैठाया, पुलिस ने ऐसे बचाया
छात्रा मुंह बंद किए जाने के बाद बेहोश हो गई और कनवास से पहले उसे होश आया.

Published : August 23, 2026 at 12:33 PM IST
झालावाड़ : जिले के पनवाड़ कस्बे में स्कूल के लिए निकली एक 13 वर्षीय नाबालिग के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपियों ने बीच रास्ते में नाबालिग को रुकवाया और उसका मुंह पकड़कर बस में बैठा दिया. इस दौरान छात्रा बस में बेहोश हो गई. बाद में परिजनों को सूचना मिलने पर कनवास थाना पुलिस को सूचित कर बस को रुकवाया गया, जिसके बाद नाबालिग को बस से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया.
पनवाड़ थाना प्रभारी संपत राज ने बताया कि थाना क्षेत्र की 13 वर्षीय नाबालिग को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर बस में बैठाने और अज्ञात स्थान पर ले जाने का मामला सामने आया है. छात्रा की मां की रिपोर्ट पर पनवाड़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता की मां की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि छात्रा अपने गांव से विद्यालय पढ़ने के लिए निकली थी. परिजनों का आरोप है कि स्कूल के मुख्य गेट पर बोरेली निवासी राकेश पुत्र रामप्रसाद मिला. उसने पीड़िता से कहा कि उसके पिता ने कोटा के हॉस्टल में नाम लिखवाने के लिए भेजा है. छात्रा ने पिता से फोन पर बात कराने को कहा, लेकिन फोन नहीं लग पाया.
परिजनों का आरोप है कि राकेश ने उसे बहलाया और किसी अन्य युवक ने पीछे से उसका मुंह पकड़कर उसे बस में बैठा दिया. उसे बस की पीछे की सीट पर बैठाया गया और उसका किराया भी दिया गया. छात्रा मुंह बंद किए जाने के बाद बेहोश हो गई और कनवास से पहले उसे होश आया. वह रोने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे कनवास में उतार लिया. मामले में पुलिस ने नाबालिग के बयान और रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. फिलहाल, मामले में किसी भी आरोपी को डिटेन नहीं किया गया है. स्कूल और आसपास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज को जांच कर मामले की जांच की जा रही है.

