बिहार में नकली पिस्टल दिखाकर ट्रक चालक से कर ली लूटपाट
भोजपुर में बालू लोड कराने गए ट्रक चालक से नकली पिस्टल दिखाकर रुपये लूटने का मामला सामने आया है. रिपोर्ट-आलोक कुमार

Published : August 31, 2026 at 4:07 PM IST
भोजपुर: बिहार के भोजपुर में बालू लोड कराने जा रहे एक ट्रक चालक को नकली पिस्टल का भय दिखाकर रुपये लूटने के मामले में कोईलवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने लूट की राशि, बाइक, मोबाइल और आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की है.
बालू लोड कराने जा रहे चालक से लूट: गोपालगंज जिले के कटैया थाना क्षेत्र के लोहाटी निवासी राजेंद्र सिंह अपना ट्रक लेकर बालू लोड कराने जा रहे थे. कोईलवर थाना क्षेत्र के 65वें घाट (पैंसठवा घाट) के पास जाम होने के कारण उन्होंने ट्रक खड़ा किया और नीचे उतर गए.
नकली पिस्टल दिखाकर डराया: इसी दौरान आरोपी राहुल कुमार बाइक से वहां पहुंचा. उसने हेलमेट पहने हुए ट्रक चालक को नकली पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पॉकेट से 1800 रुपये छीन लिए. चालक के हल्ला करने पर पुलिस की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने बदमाश को दबोचा: पुलिस ने खदेड़कर आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तार राहुल कुमार के पास से लूटे गए 1800 रुपये समेत कुल 3300 रुपये, एक बाइक, मोबाइल फोन और आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई.
कहां का है आरोपी की पहचान: एसडीपीओ ने कहा कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर कोईलवर थाना में मामला दर्ज किया है. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी प्रमेन्द्र प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है.
#भोजपुर_पुलिस की बड़ी सफलता: कोईलवर थाना पुलिस की तत्परता से लूट का आरोपी गिरफ्तार।
— Bhojpur Police (@bhojpur_police) August 30, 2026
कोईलवर थाना क्षेत्र के पैसठवा घाट पर ट्रक चालक से लूटपाट करने वाले एक शातिर अपराधी को कोईलवर थाना द्वारा घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया। (1/2) pic.twitter.com/ljpb66Ycfv
पहले से दर्ज आपराधिक मामले: सदर एसडीपीओ-2 रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि राहुल कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ कोईलवर थाना में कांड संख्या 167/19 के तहत धारा 419, 289 व 386 तथा कांड संख्या 179/16 के तहत धारा 302, 201 व 34 में मामले दर्ज हैं. वह 2016 में हत्या के मामले और 2019 में रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है. अन्य आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है.
"गिरफ्तार राहुल कुमार का आपराधिक इतिहास है. उसके खिलाफ कोईलवर थाना में कांड संख्या 167/19 के तहत धारा 419, 289 व 386 तथा कांड संख्या 179/16 के तहत धारा 302, 201 व 34 में मामले दर्ज हैं."- रणजीत कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ-2
ये भी पढ़ें-
बिहार में फेमस डॉक्टर से बड़ी लूट, जिम से लौटते वक्त अपराधियों ने किया टारगेट
मुजफ्फरपुर में BMP महिला कांस्टेबल से पिस्टल के बल पर लूट, हवाई फायरिंग कर अपराधी फरार

