मायावती के करीबी बसपा के पूर्व विधायक से बदसलूकी; मफलर से गला घोंटने का प्रयास, मारपीट
कैलाश साहू ने एसएसपी ने लगाई गुहार, 2007 से 2012 तक झांसी सीट से विधायक रहे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 10:51 AM IST
झांसी: पूर्व बसपा विधायक कैलाश साहू पर बीते दिनों एक कार्यक्रम में कुछ लोगों ने हमला किया. उनके साथ मारपीट की गई. गले को मफलर से घोंटने का प्रयास किया गया. इस घटना से आहत पूर्व विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है. बता दें कि कैलाश साहू वर्ष 2007 से 2012 तक झांसी से विधायक रहे. कैलाश को बसपा सुप्रीमो का करीबी माना जाता है.
झांसी सदर सीट से बसपा विधायक रहे कैलाश साहू ने एससपी बीबीजीटीएस मूर्ति को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि साहू समाज के लोग जो भी प्रोग्राम करते हैं, उसमें उन्हें मुख्य अतिथि अथवा विशिष्ठ अतिथि बनाते हैं. यही वजह है कि नानकगंज सीपरी बाजार निवासी साहू समाज का ही एक व्यक्ति उनकी बढ़ती प्रतिष्ठा से ईर्ष्या रखने लगा. उसने अपने गैंग के अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची.
सोची समझी रणनीति के तहत 24 दिसंबर 2025 को उनके घर 4-5 साथियों के साथ आकर सम्पर्क किया. कहा कि उसने जो पुस्तक छपवाई है, उनका विज्ञापन भी लगाया है. इसके लिए 25 हजार रुपए मांगे. उन्होंने रुपये दे दिए. पूर्व विधायक का कहना है कि 25 दिसंबर को मेंहदीबाग, झांसी में वार्षिक समारोह में वह विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे. यहां उन्होंने जब प्रकाशित पुस्तक देखी तो उसमें उनका विज्ञापन नहीं था. उन्होंने आरोपी से इसकी शिकायत की.
पूर्व विधायक का आरोप है कि इस पर वह व्यक्ति उन्हें गालियां देने लगा. उनके पैसे भी नहीं वापस नहीं किए. जब उन्होंने गालियां देने से मना किया तो आरोपी ने 8-10 लोगों को बुला लिया. उन सभी लोगों ने एकराय से उन्हें थप्पड़-घूसों से मारना शुरू कर दिया. इस बीच एक हमलावर ने मफलर डालकर गला घोंटने का प्रयास किया. इस घटना के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें समाज की दुहाई देकर आगे कोई कार्यवाही नहीं करने की बात कही, इसलिये उस समय रिपोर्ट नहीं लिखाई थी. समाज के लोगों के कहने के बावजूद उक्त व्यक्ति ने 25 हजार रुपए अब तक वापस नहीं किए. इस मामले में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया पूर्व विधायक द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है. संबंधित थाने को मामले की गंभीरता से जांच कर कार्यवाही के लिए कहा गया है.
यह भी पढ़ें: यूपी में जबरदस्त ठंड; इन जिलों में स्कूलों में छुट्टी, अभी और गिरेगा टेंपरेचर

