नाबालिग छात्रा की ईंट से कूचकर बेरहमी से हत्या, बोरे में बंद कर शव को नाले में फेंका, पुलिस ने शातिर आरोपी को चंडीगढ़ से ऐसे दबोचा?
मेरठ में सनसनीखेज वारदात: हत्या का आरोपी चंडीगढ़ में जा छिपा, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को पहुंचाया सलाखों के पीछे

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 1:42 PM IST
मेरठ: यूपी के मेरठ में दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है. जिले कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शोभापुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही नाबालिग छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी श्याम धानक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने महज कुछ रुपयों के विवाद में नाबालिग लड़की के सिर पर ईंट से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया, साथ ही पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में बंद कर नाले में फेंक दिया था.
16 अप्रैल से गायब लड़की की बेरहमी से हत्या
दरअसल छात्रा बीते 16 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापाता हो गई थी. जिसके बात उसके पिता नेमपाल जो मूल रूप से जिले के दौराला थाना के चिरौड़ी ग्राम के रहने वाले हैं उन्होंने थाना कंकरखेड़ा में तहरीर दी. जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री अनुष्का उर्फ रिया, जो कंकरखेड़ा बाईपास स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा थी, बीती 16 अप्रैल 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है. पिता की तहरीर के आधार पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.
#WATCH | Meerut, UP: Vinayak Gopal Bhosale, SP, City Meerut, says, " on april 28, 2026, the kankarkheda police station area received information about the disappearance of anushka. police immediately registered a case and formed three teams at the police station and district… pic.twitter.com/Cgzw0BMbJd
— ANI (@ANI) June 1, 2026
लापता छात्रा की तलाश के दौरान पुलिस को रोहटा रोड स्थित शोभापुर कट के पास फास्ट फूड की दुकान पर काम करने वाले श्याम धानक (42 वर्ष) पर संदेह हुआ. जब पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया और चंडीगढ़ या मोहाली क्षेत्र में जाकर छिप गया. उसने अपने सभी मोबाइल फोन और नंबर बंद कर दिए ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके. इसके बाद पुलिस की स्पेशल टीम ने एडवांस टेक्निकल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करते हुए पुख्ता सबूतों के आधार पर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया.
मामले का खुलासा करते हुए मेरठ के सिटी एसपी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में अनुष्का की गुमशुदगी की सूचना मिली थी. पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर थाना स्तर और जिला स्तर पर तीन टीमों का गठन किया. टीमों द्वारा सभी इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया श्याम धानक पुत्र रामा धानक, निवासी देहरादून, हाल निवासी चंडीगढ़ की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं.
शातिर आरोपी को पुलिस ने ऐसे पकड़ा
आरोपी का लोकेशन चंडीगढ़ में मिलने के बाद पुलिस की टीमें दो बार रवाना की गईं, लेकिन अभियुक्त शातिर तरीके से बार बार पुलिस के हाथ लगने से बच जा रहा था. उसके बाद पुलिस ने एडवांस टेक्निकल इंटेलिजेंस का सहारा लेकर गहराई से पड़ताल की और साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लिया. जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कुबूल किया कि अनुष्का का उसके फास्ट फूड के ठेले पर आना-जाना था.
15 अप्रैल की रात्रि जब अनुष्का श्याम के ठेले पर कुछ खाने आई, तो किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद आरोपी ने अनुष्का की हत्या कर दी और उसका शव रोहटा रोड के नाले में डंप कर दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक के शव को बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सिटी एसपी ने बताया कि, हत्या के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमें में हत्या और साक्ष्य छिपाने जैसी सुसंगत गंभीर धाराओं की वृद्धि की जा रही है, ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
यह भी पढ़ें : कानपुर में ऑटो में मिला हिस्ट्रीशीटर का लहूलुहान शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

