घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या, फिर थाने पहुंचा सरेंडर करने
मुजफ्फरपुर में प्रेम-प्रसंग में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. 15 वर्षीय छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

Published : February 18, 2026 at 2:04 PM IST
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के सकरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक नाबालिग लड़के ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी.
सरेंडर करने थाना पहुंचा : वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 8 किलोमीटर दूर सकरा थाना पहुंचा और सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में नाबालिग ने अपनी प्रेमिका की हत्या की बात कबूल कर ली.
परिवार वाले रह गए हक्के-बक्के : आरोपी की निशानदेही पर पुलिस जब उसके साथ लड़की के घर पहुंची, तब तक परिजनों को घटना की कोई जानकारी नहीं थी. पुलिस ने दरवाजे पर दस्तक दी, जिस पर मृतका के पिता दरवाजा खोलने बाहर आए. आंगन में बेटी को गिरा देख उन्हें पहले लगा कि वह बेहोश है, लेकिन पास जाने पर चारों ओर खून फैला देख सच्चाई सामने आई. पुलिस ने परिजनों को बताया कि बच्ची को गोली मारी गई है.
जब सभी सो रहे थे, तभी वारदात को दिया अंजाम : मृतका नौवीं कक्षा की छात्रा थी और उसका गांव के ही एक नाबालिग लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. उस वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे. वह कब और कैसे घर में घुसा, किसी को भनक तक नहीं लगी.
पता नहीं लड़का कौन है- मृतका की मां : मृतका की मां ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बेटी की हत्या करने वाला लड़का कौन है और उसने गोली क्यों मारी? उन्होंने कहा कि वे लोग रात में खाना खाकर सो गए थे. मुख्य गेट की चाबी हमेशा उनके पास रहती है, लेकिन बगल का एक छोटा गेट खुला रह गया था. आशंका है कि आरोपी उसी रास्ते से घर में दाखिल हुआ होगा.
आंगने में पड़ी थी लाश : करीब ढाई बजे रात में पुलिस के आने पर परिवार के लोग जागे. कमरे से बाहर निकलकर देखा तो बेटी आंगन में गिरी पड़ी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SKMCH) भेज दिया.
हत्या के कारण को खंगाला जा रहा- DSP : मामले को लेकर डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. आरोपी से पूछताछ जारी है. हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग को हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से मिला.
''आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे संदेह के आधार पर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है.''- मनोज कुमार सिंह, डीएसपी पूर्वी, मुजफ्फरपुर
ये भी पढ़ें :-
कनपटी में लगी थी गोली, बगल में पड़ी थी बाइक और पिस्टल, बिहार में शव मिलने से सनसनी
मोबाइल के झगड़े में बड़ा भाई बना हैवान, गले दबाकर की छोटे भाई की हत्या
लव मैरिज की खौफनाक सजा! ससुर ने दामाद को मारी गोली, डेढ़ साल पहले की थी शादी

