ETV Bharat / state

दिल्‍ली: छेड़छाड़ का विरोध करने पर नाबालिग छात्रा और परिवार पर हमला, 80 वर्षीय दादी भी घायल; FIR दर्ज

दिल्ली में रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के बाद विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है.

नाबालिग छात्रा और परिवार पर हमला
नाबालिग छात्रा और परिवार पर हमला (concept image)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : September 3, 2026 at 10:58 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्‍ली: दिल्ली के रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में कक्षा 10 में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के बाद विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि घर के पास रहने वाले तीन युवकों ने छात्रा के साथ अभद्रता की. छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की.

मामले में छात्रा की 80 वर्षीय दादी और 45 वर्षीय मां भी बीच-बचाव करने पहुंचीं, आरोपितों ने उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की. घटना में घायल तीनों को उपचार के लिए बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. पुलिस के अनुसार, छात्रा का बयान दर्ज किया गया है और इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान डंडे का इस्तेमाल भी हुआ. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है.छात्रा के मामा वीरेंद्र जायसवाल ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद उस पर हमला किया गया. वहीं, छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़ा और विरोध करने पर उसकी मां और दादी के साथ डंडों से मारपीट की.

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और छात्रा समेत सभी संबंधित लोगों के बयान लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है. फिलहाल तीनों घायल उपचार के बाद घर लौट चुके हैं और मामले की जांच जारी है.

इसे भी पढ़ें

  1. दिल्ली: नरेला में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार
  2. रोहिणी में रिश्तों का कत्ल: सगी भांजी ने दो साथियों संग मिलकर मामा का बेरहमी से किया कत्ल
  3. दिल्ली पुलिस ने पकड़े दो बांग्लादेशी, 15 दिन की थी अनुमति; उससे ज्यादा भारत में रुके