नाबालिग से दुष्कर्म कर खिलाई कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स, इलाज के दौरान मौत, बुरहानपुर से सनसनीखेज मामला
सोशल मीडिया पर दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और फिर गई जान, प्रेग्नेंट होने पर नाबालिग को दी थी गर्भपात की दवा. बुरहानपुर से सोनू सोहले की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 11, 2026 at 7:20 AM IST
|Updated : April 11, 2026 at 9:17 AM IST
बुरहानपुर : मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक नाबालिग की कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स से मौत का सनसनीखे मामला सामने आया है. यहां रहने वाली नाबालिग ने सोचा नहीं होगा कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती उसे कैसे मौत के मुंह में ले जाएगी. पुलिस के मुताबिक नाबालिग की कुछ समय पहले मोमिनपुरा में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद युवक उसे एक होटल ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो युवक ने बिना सोचे-समझे उसे कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स (गर्भपात की गोलियां) खिला दीं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई.
पेट में असहनीय दर्द के बाद अस्पताल ले गए थे परिजन
गणपति थाना पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के गर्भवती होने और पेट में असहनीय दर्द की शिकायत के बाद परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया. यहां उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान बालिका की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है और कोर्ट में पेश कर खंडवा जेल भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाया था और लगातार उससे संबंध बना रहा था, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई.
डेढ़ महीने पहले होटल में बनाए थे संबंध
गणपति थाना प्रभारी गणेश महाले के मुताबिक, '' तकरीबन डेढ़ महीने पहले युवक नाबालिग को ताप्ती पुल के पास स्थित ताज होटल ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया था. इस दौरान बालिका गर्भवती हो गई थी. इसके बाद युवक ने गोली खिलाकर गर्भपात की कोशिश की, लेकिन उसकी जान चली गई, अस्पताल चौकी से मामला गणपति थाने में भेजा गया. पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लिया और मोमिनपुरा निवासी आरोपी गणेश चौधरी को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराएं लगाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है. पुलिस होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी.''

सामाजिक कार्यकर्ता ने की नाबालिगों की सुरक्षा की मांग
इस घटना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ओम आजाद ने कहा, '' उस 17 साल की बच्ची के साथ क्रूरता हुई है. उसने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सही और उसकी जान भी चली गई है. आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से संपर्क बढ़ाया, उसे अपने झांसे में फंसा लिया, इसके बाद उसका शोषण किया गया. जानकारी मिली है कि ताप्ती स्थित ताज होटल में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. हम उम्मीद कर रहे थे कि बच्ची की जान बच जाएगी पर अफसोस कि उसकी जान चली गई. आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. वहीं, हम ये भी सवाल कर रहे हैं कि आखिर कबतक देश में नाबालिगों के साथ ऐसे दुराचार और अत्याचार होते रहेंगे?''
यह भी पढ़ें-
- शादी के दिन 16 साल की थी मोनालिसा, अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा, फरमान पर FIR
- बालाघाट में नाबालिग छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, बेटी की डिलीवरी देख सन्न रह गए परिजन
- खजुराहो में रेस्टोरेंट में नाबालिग लड़की के साथ पकड़ाया युवक, जुलूस निकालकर पुलिस को सौंपा
ओम आजाद ने बताया, '' हम 3 दिनों से इस पूरे घटनाक्रम को देख रहे थे. वहीं, अब बच्ची की मौत के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है, इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है, लोगों में भारी आक्रोश है.''

