अलवर चाकूबाजी कांड का खुलासा: 15 लाख नहीं देने पर नाबालिग ने दुकानदार के पेट में घोंपा चाकू, पुलिस ने किया डिटेन
चाकू के वार से घायल दुकानदार को अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अभी उसका उपचार जारी है.

Published : July 7, 2026 at 12:16 PM IST
अलवर: शहर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में गत दिनों एक युवक के पेट में चाकू मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है. अलवर पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन थानों की टीम, सीसीटीवी फुटेज व साइबर सेल की मदद से बाल अपचारी को डिटेन कर बाल न्यायालय में पेश किया. पुलिस प्रकरण में अनुसंधान कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं.
सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि परिवादी प्रथम मुखिजा ने रिपोर्ट दी थी कि शहर के प्लैटिनम टावर में उसकी मोबाइल की दुकान है. गत 5 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे नाबालिग मोटरसाइकिल पर उसकी दुकान पर आया और शहर के वैशाली नगर थाने में पूर्व में किसी मामले में पीड़ित के भाई का नाम दर्ज होने की बात कही.
पढ़ें: उदयपुर में देर रात चाकूबाजी में 26 वर्षीय युवक की हत्या, परिजनों ने मांगा 25 लाख मुआवजा
शिकायत में पीड़ित ने बताया कि नाबालिग ने इस मामले में समझौता करने की एवज में 15 लाख रुपयए की डिमांड की. पीड़ित ने जब रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी ने आवेश में आकर दुकानदार के पेट में चाकू मार दिया और बाइक लेकर मौके से फरार हो गया.
सीओ सिटी शर्मा ने बताया कि इस घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. उन्होंने बताया कि अलवर पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए तीन थानों की टीम का गठन किया और कार्रवाई करते हुए बाल अपचारी को डिटेन कर लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस इस प्रकरण में अनुसंधान कर रही है. प्रकरण में अन्य कोई भी व्यक्ति किसी भी तरीके से शामिल रहा होगा, तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

