गुरुग्राम से ट्रेन में बैठे और हरिद्वार घूमने आ गए 3 नाबालिग बच्चे, ऑपरेशन स्माइल ने घरवालों से मिलाया
बच्चे स्कूल की छुट्टी के बाद ट्रेन में बैठकर हरिद्वार आ गए, रेलवे स्टेशन पर उन्हें देखकर ऑपरेशन स्माइल की टीम ने घरवालों को बताया

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 23, 2026 at 2:20 PM IST
हरिद्वार: हरियाणा के गुरुग्राम से 20 फरवरी से लापता तीन बच्चे हरिद्वार में मिले हैं. ये बच्चे स्कूल से घर जाने के बजाय ट्रेन पकड़कर हरिद्वार पहुंच गए. हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पुलिस को बच्चे घूमते दिखे. शक हुआ तो उनसे पूछताछ की गई. उनके साथ कोई अभिभावक नहीं था. बच्चे घबराए हुए भी लग रहे थे. ऑपरेशन स्माइल टीम ने उनसे प्यार से समझाकर बातचीत की.
गुरुग्राम से लापता हुए बच्चे हरिद्वार में मिले: बच्चों ने बताया कि वे 6वीं कक्षा के छात्र हैं. हरियाणा से घूमने के लिए हरिद्वार आए हैं. तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया. परिजनों ने बच्चों को सकुशल पाकर हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया. परिजनों के मुताबिक बच्चे घर पर बिना बताए चले गए थे. गुरुग्राम में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. सूचना पर परिजन हरिद्वार पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया. एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि बिना बताए घर से कहीं नहीं जाना चाहिए. इससे बड़ी दुर्घटना भी हो सकती हैय
स्कूल से घर जाने की बजाय हरिद्वार घूमने आ गए: एसएसपी भुल्लर के मुताबिक-
बीती 20 फरवरी को तीन नाबालिग बालक गुरुग्राम हरियाणा से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे. स्कूल की छुट्टी होने के बाद घूमने की योजना बनाकर वे रेलवे स्टेशन पहुंचे और हरिद्वार आने वाली ट्रेन में बैठ गए. हमारे निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन स्माइल के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें रेलवे स्टेशन, हर की पैड़ी व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमणशील रहकर बिना अभिभावकों के घूमते मिले बच्चों से पूछताछ एवं सत्यापन कर रही थी.
बीती 21 फरवरी को पुलिस टीम हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान तीनों बालक संदिग्ध अवस्था में लावारिस हालत में घूमते मिले. प्रारंभिक पूछताछ में बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए. टीम द्वारा मौके पर बच्चों की काउंसलिंग की गई. उन्हें सुरक्षित रूप से बाल गृह ज्वालापुर में दाखिल कराया गया. पुनः काउंसलिंग के उपरांत बच्चों ने अपना नाम व पता बताया.
-नवनीत भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार-
ऑपरेशन स्माइल टीम ने बच्चों को परिजनों को सौंपा: बच्चों से प्राप्त जानकारी के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया तो ज्ञात हुआ कि बच्चे स्कूल से घर के लिए निकले थे, परंतु घर न पहुंचने पर परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश की गई. बच्चों के न मिलने पर संबंधित थाना, गुरुग्राम, हरियाणा में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. तीनों बालक कक्षा 6 के छात्र हैं, जो कि एक इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी हैं. स्कूल की छुट्टी के बाद लगभग 2:00 बजे बिना परिजनों को बताए रेल के माध्यम से हरिद्वार आ गए थे. स्थानीय थाने में परिजनों द्वारा पूर्व में सूचना पंजीकृत कराई जा चुकी थी.
एसएसपी ने की ये अपील: हरिद्वार पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए बच्चों के परिजनों को हरिद्वार बुलाया गया और तीनों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया. इस दौरान बच्चों को सकुशल पाकर परिजन भावुक नजर आए. उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार भी व्यक्त किया. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई नाबालिग बच्चे संदिग्ध अवस्था में बिना अभिभावक के घूमते दिखाई दें, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें.
ऑपरेशन स्माइल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला, उप निरीक्षक देवेंद्र यादव, हेड कॉन्स्टेबल राकेश, कॉन्स्टेबल दीपक, महिला कॉन्स्टेबल शशि बाला, महिला कॉन्स्टेबल गीता, महिला कॉन्स्टेबल बीना गोदियाल और कॉन्स्टेबल दीपक डबराल शामिल रहे.
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन स्माइल लौटा रही बिछड़े लोगों के चेहरे मुस्कान, 320 गुमशुदाओं को अपनों से मिलाया

