'तेजस्वी यादव की कुर्सी पर संकट..' सीएम से इस्तीफे की मांग पर मंत्री संजय सिंह टाइगर का पलटवार
तेजस्वी के इस्तीफे की मांग पर मंत्री संजय सिंह टाइगर ने पलटवार किया और नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर विपक्ष की स्थिति पर सवाल उठाए-


Published : June 28, 2026 at 5:55 PM IST
कैमूर : बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग किए जाने के सवाल पर उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर ने तीखा पलटवार किया है.
'खतरे में तेजस्वी के नेताप्रतिपक्ष की कुर्सी' : कैमूर के मोहनियां में उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि तेजस्वी यादव पहले अपनी राजनीतिक स्थिति देखें. उनका दावा था कि विपक्ष की संख्या लगातार कमजोर हो रही है और ऐसे हालात बन गए हैं कि नेता प्रतिपक्ष का पद भी संकट में पड़ सकता है.
''बिहार की जनता ने बार बार नकारा है और उन्हें इस जगह पर लाकर खड़ा कर दिया जहां विपक्ष के नेता की कुर्सी भी खतरे में है. उनके 1 विधायक बागी हो चुके हैं और तेजस्वी जी की बेबसी और लाचारी को देखकर तरस आता है. उस विधायक पर करवाई नहीं कर पा रहे हैं. क्योंकि जैसे ही करवाई करेंगे नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी चली जाएगी. उनका बंगला चला जायेगा, उनकी सुरक्षा कम हो जाएगी.''- संजय टाइगर, मंत्री, बिहार
'सम्राट चौधरी जनता के जनादेश से मुख्यमंत्री बने' : मंत्री ने कहा कि सम्राट चौधरी किसी व्यक्ति की कृपा से नहीं, बल्कि बिहार की जनता के जनादेश से मुख्यमंत्री बने हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव को जनता कई बार चुनाव में नकार चुकी है और अब वे केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष को सकारात्मक राजनीति करने की सलाह देते हुए कहा कि निराधार आरोप लगाने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता.
'जनहित से ज्यादा अपनी राजनीति की चिंता' : संजय सिंह टाइगर ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनहित के मुद्दों की बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने में अधिक व्यस्त है. उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करने के बजाय विपक्ष अक्सर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाता है. भाजपा के लिए ऐसे बयानों का हर बार जवाब देना जरूरी नहीं है.
नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए क्या हैं नियम? : मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए न्यूनतम 25 विधायकों का समर्थन होना आवश्यक माना जाता है. उनका आरोप था कि विपक्ष के एक विधायक के बागी होने के बाद उनकी स्थिति कमजोर हुई है. उन्होंने दावा किया कि इसी कारण विपक्ष अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं है, क्योंकि ऐसा होने पर नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी असर पड़ सकता है.
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर पर क्या बोले? : भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले पर मंत्री ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर भी दी सफाई : श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी के मामले पर विपक्ष के आरोपों के जवाब में मंत्री ने कहा कि विशेष जांच दल जांच कर रहा है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक आरोप लगाने का कोई औचित्य नहीं है. दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल : इससे पहले मंत्री संजय सिंह टाइगर कैमूर जिले के मोहनियां में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर नियमित शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके.
ये भी पढ़ें- 'घोटालों से खाली हो रहा बिहार का खजाना'.. रिशु श्री केस से लेकर भ्रष्टाचार तक तेजस्वी ने उठाए 20 सवाल

