Alwar Encroachment Action : मंत्री ने रोका बुलडोजर, बोले- पुराने अतिक्रमण पर अफसर भी जवाब दें
वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पहले जिन अधिकारियों के समय में यह अतिक्रमण हुआ है, उनकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

Published : June 16, 2026 at 8:03 PM IST
अलवर: प्रदेश के वन मंत्री एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में किसी भी विभाग की ओर से जबरदस्ती स्वीकार्य नहीं है. किसी भी विभाग के अधिकारी को अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों से हाथापाई करने का कोई अधिकार नहीं है. अलवर शहर में सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के जिस प्रकार के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उनसे वे स्वयं एवं सरकार इत्तेफाक नहीं रखते.
वन मंत्री शर्मा मंगलवार को नगर निगम में पत्रकारों से बात कर रहे थे. मंत्री शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर उनकी मान्यता है कि चाहे नगर निगम हो या नगर विकास न्यास हो, इनको पहले व्यापारी से बात करनी चाहिए. यदि कोई अतिक्रमी है तो उन्हें नोटिस देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अलवर शहर में चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का सोशल मीडिया पर वीडियो देखा, वह कार्रवाई गलत है.
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने वाले अधिकारियों को कोई अधिकार नहीं है कि वे कार्रवाई के दौरान व्यापारी के साथ हाथापाई या बदतमीजी करें. इसका संज्ञान लिया और जिला कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त को फोन कर अतिक्रमण अभियान रोकने के लिए कहा है.
शर्मा ने कहा कि आगामी समय में यदि अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाता है, तो पहले व्यापारी से बात कर उन्हें विश्वास में लिया जाए. उन्हें नोटिस दिया जाए व उनकी बात सुनी जाए. यदि व्यापारी अतिक्रमी है तो पहले उनसे आग्रह किया जाए कि वे खुद अपना अतिक्रमण हटा लें. उन्होंने कहा कि जरूरत हो तो कानूनी कार्रवाई की जाए, लेकिन जिस प्रकार सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, उनसे किसी भी प्रकार से सहमत नहीं हुआ जा सकता. उन्होंने कहा कि अलवर शहर में इस प्रकार की कार्रवाई की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए अधिकारियों को सचेत किया गया है.
शहर में अतिक्रमण नया नहीं, अधिकारियों की जिम्मेदारी भी हो तय: वन मंत्री ने कहा कि अलवर शहर में अतिक्रमण नया नहीं है, यह पहले भी था. उन्होंने कहा कि पहले जिन अधिकारियों के समय में यह अतिक्रमण हुआ है, उनकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. अतिक्रमण उनकी आंखों के सामने हुए, ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई तय होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पिछले तीन-चार दिनों में जिस तरह की अलवर में घटनाएं हुई हैं, वे कतई भी स्वीकार्य नहीं हैं और अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण कार्रवाई रोकने को कहा है. उन्होंने कहा कि आगे भी अतिक्रमण हटाने के बाद यदि वहां पुन: अतिक्रमण होता है तो उस क्षेत्र के अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई कराई जाएगी.

