ETV Bharat / state

राज्यमंत्री ने 'VB-G RAM G' को विकसित गांव का रोडमैप बताया; भ्रष्टाचार पर नहीं दिया जवाब

हमीरपुर पहुंचे जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने 'विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025' को अधिक पारदर्शी बनाया.

हमीरपुर पहुंचे जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद.
हमीरपुर पहुंचे जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 8:44 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री और हमीरपुर के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने VB-G RAM G योजना को विकसित गांव का रोडमैप बताया. हमीरपुर पहुंचे राज्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने इस योजना के माध्यम से भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया है. गांव के श्रमिकों को अब 100 की जगह 125 दिन रोजगार मिलेगा. प्रेस वार्ता के दौरान राज्यमंत्री इस योजना में हो रहे भ्रष्टाचार के सवाल पर बचते दिखे.

जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने 'विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025' को लेकर कहा कि योजना को अधिक पारदर्शी बनाया गया है. बायोमीट्रिक हाजिरी सहित योजना की खूबियों पर उन्होंने विस्तार से बात की.

इसी दौरान जिले के मौदहा और मुस्करा क्षेत्रों में योजना में भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछा गया तो प्रभारी मंत्री जवाब देने से बचते दिखे. हालांकि प्रेस वार्ता के बाद राज्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के सवाल पर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद से बात की. इस दौरान पार्टी के कई नेता और विधायक डॉ. मनोज प्रजापति भी मौजूद रहे.

जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद की प्रेस वार्ता. (Video Credit: ETV Bharat)

उमराहट गांव की महिलाएं पहुंचीं: कुरारा ब्लॉक क्षेत्र के उमराहट गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने अब तक 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई से पीड़ित गांव की महिलाएं अपनी व्यथा सुनाने राज्य मंत्री के पास पहुंचीं. कार्यक्रम के बाद वापस जाते समय महिलाओं ने हाथ जोड़कर अपनी पीड़ा बताई. इस पर मंत्री ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा.

पीड़ित महिला प्रेम कुमारी ने बताया कि उनके पति और देवर जेल में हैं. रामसखी ने कहा कि उनके तीनों बेटे जेल में हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटों को जबरन आरोपी बनाया गया है. इसी तरह गांव की मीरा देवी, ज्ञानवती, शीला, सपना, किरन और दयावती ने भी पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया. हालांकि उनकी बातें सुनकर राज्यमंत्री आश्वासन में सिर हिलाते आगे बढ़ गए.

यह भी पढ़ें: यूपी के निर्यातकों का सबसे बड़े मेला, निर्यात में भारत क्यों बहुत मजबूत, जानिए