ETV Bharat / state

झारखंड में बालू हो गया सोना! अमेरिका के राष्ट्रपति को भेजनी चाहिए टीम, जानें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने क्यों कही ये बात

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड में बालू की किल्लत को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है.

Sanjay Seth On Sand Loot
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 3, 2026 at 4:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः राज्य में बालू को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. लोगों को बालू या तो मिल नहीं रही है या मिलता भी है तो ऊंचे दाम पर. ऐसे में राज्य सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. इस क्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बालू की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति को एक टीम रिसर्च के लिए झारखंड भेजना चाहिए कि कैसे झारखंड में बालू सोना बन गया है.

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि जब-जब कांग्रेस के सहयोग से राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनी है, तब-तक बालू सोना हो गया है. उन्होंने कहा कि आज स्थिति क्या है वह किसी से छिपी हुई नहीं है. आज की स्थिति यह है कि बिहार से बालू आ रहा है, तब जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना का भवन बन रहा है. इसके पीछे वजह क्या है कि राज्य में बालू की जबरदस्त लूट हो रही है. आप कहीं भी चले जाएं आपको यह देखने को मिल जाएगा.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

बालू की लूट में नीचे से ऊपर तक कमीशन फिक्स्ड-संजय सेठ

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आम लोगों को बालू को लेकर हो रही कठिनाई के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि बालू के लूट में नीचे से ऊपर तक कमीशन फिक्स्ड है. कई सफेदपोश इसमें शामिल हैं. इस कारण करोड़ों रुपये की हर दिन अवैध वसूली होती है, जो थाना से लेकर ऊपर तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि कई सफेदपोशों का हाइवा अवैध रूप से चलता है. जिससे परेशान होकर कई स्थानीय थाना प्रभारी ट्रांसफर की गुहार मेरे पास लगाते हैं.

रक्षा राज्य मंत्री ने की सीबीआई जांच की मांग

संजय सेठ ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ेगी तो मैं सीबीआई को इसकी पूरी जानकारी दूंगा कि किस तरह से बालू के लूट में लोग शामिल हैं और कमीशन की राशि ऊपर तक पहुंचती है. उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि लगातार हम लोग इसको लेकर आवाज उठाते रहे हैं इसके बावजूद निर्बाध रूप से बालू का अवैध उठाव और कालाबाजारी हो रही है. एक तरफ राज्य की गरीब जनता को अपनी झोपड़पट्टी और शौचालय बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर कई सफेदपोशों के पास बालू लूट का पैसा जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं चलेगा. इसकी जांच होनी चाहिए और जो भी इसमें शामिल है उनपर कार्रवाई होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता यह जानना चाहती है कि बालू सोना कैसे बन गया और बालू की लूट में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका पैसा कहां-कहां जाता है. उन्होंने अपने पास सूचना होने का दावा करते हुए कहा कि किनके-किनके पास बालू लूट का पैसा जाता है यह पूरी जानकारी उनके पास है और जरूरत पड़ेगी तो सीबीआई को इसकी जानकारी दी जाएगी.

ये भी पढ़ें-

'कांग्रेस की बैसाखी पर चल रही है झारखंड मुक्ति मोर्चा की हेमंत सोरेन सरकार', रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने साधा निशाना

संजय सेठ का हेमंत सरकार पर तीखा हमला, आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग

आधी आबादी को देकर रहेंगे अधिकार! केंद्रीय मंत्री संजय सेठ बोले - बिल गिरने पर परिवारवादी दलों ने मनाया जश्न