बिहार में भू माफियाओं का आतंक, मंत्री के ड्राइवर को पीटा, पुलिस पर अपराधियों का साथ देने का आरोप
नीतीश सरकार के मंत्री ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा बार-बार पुलिस को फोन कर रहा हूं लेकिन थानाध्यक्ष ने रिस्पांस नहीं लिया.

Published : January 3, 2026 at 12:59 PM IST
बेतिया: बिहार में भले ही एनडीए की सरकार है, लेकिन पुलिस अपने मंत्रियों की ही नहीं सुन रही है. यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि खुद बीजेपी मंत्री ने अपना रोष और गुस्सा प्रकट करते हुए यह आरोप लगाया है. मंत्री नारायण प्रसाद ने बेतिया पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भू-माफिया के खिलाफ शिकायत करने पर भी एक्शन नहीं लिया जा रहा है.
पुलिस पर मंत्री नारायण प्रसाद का गंभीर आरोप: बिहार सरकार में मंत्री और नौतन विधायक नारायण प्रसाद का कहना है कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत हरदिया में एक भू-माफिया ने रास्ता को अतिक्रमण कर सैकड़ों लोगों को परेशान कर रखा है. इसकी जानकारी मैंने खुद मुफस्सिल थानाध्यक्ष को दी थी, लेकिन वह घटनास्थल पर नही पहुंचे.
"भू-माफिया ने सरकारी रास्ते का अतिक्रमण कर लिया है, जिसके बाद मैंने डीएसपी और एसपी को खुद सूचना दी. एसपी से मैंने पूछा कि लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज है या नहीं. उसके बाद थानाध्यक्ष ने फोन कर मामले की जानकारी ली और मुफस्सिल थाना घटनास्थल पर पहुंची. जमीन पर अतिक्रमण होने से लगभग 100 किसानों का रास्ता बंद हो जाएगा."-नारायण प्रसाद, मंत्री, बिहार सरकार
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई: बता दें कि 28 दिसंबर 2025 को एक भू-माफिया ने प्रह्लाद मुखिया के जमीन पर कब्जा कर लिया और सरकारी रास्ते को अतिक्रमित कर लिया. जिसकी सूचना बिहार सरकार के मंत्री नारायण प्रसाद ने पुलिस प्रशासन को दी, लेकिन पुलिस प्रशासन 4 घंटे बाद पहुंची. जबतक माफिया ने बाउंड्री कर लिया था.
मंत्री के ड्राइवर के साथ मारपीट: 2 जनवरी 2026 को भूमि माफिया जमीन पर काम कर रहा था. इस दौरान मंत्री के ड्राइवर आशीष कुमार वहां पहुंचे तो उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया. इसके बाद मंत्री नारायण प्रसाद ने फिर इस घटना की सूचना बेतिया एसपी और डीएसपी को दी.

'विजय सिन्हा को लिखूंगा पत्र': बिहार सरकार के मंत्री नारायण प्रसाद ने बताया है कि भू माफियाओं का मनोबल काफी बढ़ गया है. एक मंत्री होने के नाते मैं बार-बार पुलिस को फोन कर रहा हूं, लेकिन मुफस्सिल थानाध्यक्ष उसका कोई रिस्पांस नहीं ले रहे हैं. मैं इसके लिए उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और डीजीपी बिहार को पत्र लिखने जा रहा हूं.
थानाध्यक्ष पर मंत्री का फूटा गुस्सा: मंत्री नारायण प्रसाद ने बेतिया पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भूमाफियाओं के प्रभाव में मुफस्सिल थाना पुलिस कम कर रही है. मंत्री के फोन करने के बाद भी वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचते हैं. जब हम एसपी को फोन करते हैं तब थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचते हैं. जब तक ऐसे थानाध्यक्ष भूमाफियाओं से मिले रहेंगे, तब तक भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ा रहेगा.
प्रह्लाद मुखिया की जमीन पर अवैध कब्जा: मुफस्सिल थाना अंतर्गत हरदिया में एक भूमाफिया ने प्रह्लाद मुखिया की जमीन पर अवैध कब्जा में लिया है. जमीन पर लगे पेड़ पौधे कटवा उसे चाहरदीवारी कर अपने कब्जे में कर लिया है, जो सरकारी रास्ता है. साथ ही सरकारी रास्ता को भी कब्जे में लिया गया है.

प्राथमिकी भी दर्ज नहीं: पीड़ित प्रह्लाद मुखिया ने मुफस्सिल थाना में आवेदन भी दिया है, लेकिन उस आवेदन पर अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. मंत्री नारायण प्रसाद ने सवाल उठाया है कि सरकारी जमीन को कब्जा करने वाले भूमाफिया के पक्ष में आखिर मुफस्सिल थाना क्यों है? मैं इसके खिलाफ विधानसभा में भी सवाल करूंगा. मंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 112 की पुलिस खड़े होकर भूमाफिया के पक्ष में मकान बनवा रही थी, जिसकी जानकारी मैंने एसपी को दी. उसके बाद पुलिस एक्शन में आई है.
"पुलिस को जानकारी देने के बावजूद माफिया मेरी जमीन पर जेसीबी चलाते रहे. मुझे जान से मारने की भूमाफिया धमकी दे रहे हैं. मुझे जमीन के बदले दूसरे जगह जमीन देने की बात कर रहे हैं. मुझे न्याय चाहिए थाना में आवेदन भी दिया है."- प्रह्लाद मुखिया,पीड़ित
सवालों के घेरे में सम्राट चौधरी की पुलिस: अब सवाल उठता है सरकार एक तरफ भूमाफियाओं पर शिकंजा कसने की बात कर रही है. सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए भूमाफियाओं के संपति पर बुलडोजर चलाने की बात कर रही है. वहीं उसी सरकार के मंत्री नारायण प्रसाद बेतिया पुलिस पर भूमाफियाओं से मिले होने का गंभीर आरोप लगा रहे हैं.
क्या मंत्री की शिकायत पर पुलिस पर होगी कार्रवाई: सरकारी रास्ता को भूमाफिया ने पुलिस की मौजूदगी में कब्जा कर लिया. एक गरीब की जमीन पर बुलडोजर चला जमीन कब्जा कर लिया. मंत्री नारायण प्रसाद के आरोप पर मुफस्सिल थाना पुलिस पर अब कबतक कार्रवाई होती है, देखने वाली बात होगी. दूसरी तरफ बेतिया पुलिस कहना है कि मामले की जांच चल रही है. मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है.
ये भी पढ़ें
बगहा में भू माफियाओं के हौसले बुलंद, 15 कट्ठा में लगी गन्ने की फसल को जबरन जोता
सम्राट चौधरी के हाथों में 400 अपराधियों के नामों की लिस्ट, बोले- 'कोर्ट का आदेश आते ही..'
किसी को नहीं छोड़ेंगे' एनकाउंटर के बाद सम्राट चौधरी ने अपराधियों को दी बड़ी चेतावनी
सम्राट चौधरी के गृहमंत्री बनते ही कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर, पुलिस ने मर्डर के आरोपी को मारी गोली

