"विपक्ष अगर विध्वंसक राजनीति करें तो इससे देश का अपमान होता है", करनाल में बोले मंत्री कृष्ण बेदी
तीन दिवसीय एक्सपो में हिस्सा लेने के बाद हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.

Published : February 21, 2026 at 4:28 PM IST
करनालः हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी शनिवार को करनाल दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे तीन दिवसीय राइस एंड ग्रेन एक्सपो मेले का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक्सपो में आने वाले लोगों का और यहां पर आयोजन करने वाले लोगों का हौसला बढ़ाना हरियाणा सरकार की जिम्मेवारी है.
एक्सपो से मिलेगा लाभः इस दौरान उन्होंने कहा कि "यहां पर नई-नई टेक्नोलॉजी दिखाई गई है. चाहे हरियाणा की बात हो या यहां पर आने वाले अन्य दूसरे राज्यों की बात हो, सभी ने अलग-अलग स्टॉल यहां पर लगाए गए हैं. इस मंच पर सभी लोगों को अपने विचार और टेक्नोलॉजी सांझा करने का अवसर मिल रहा है. यहां पर आने वाले लोगों को इस एक्सपो से लाभ मिलेगा."
'यह हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है': कृष्ण बेदी से जब सवाल किया गया कि एआई सबमिट चल रहा था वहां पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता घुस गए और हंगामा किया. इस पर उन्होंने कहा कि "यह हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है. अगर विपक्ष रचनात्मक भूमिका में रहे तो देश का सम्मान बढ़ता है. अगर विपक्ष विध्वंसक राजनीति करे तो इससे देश का अपमान होता है. पूरी दुनिया इसको देख रही है. पूरी दुनिया के लोगों को ये समझ में आ रहा है कि ऐसे लोग किन वजहों से ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं."

'बिना सिर पैर की बातें कर रहे हैं अमेरिकी राष्ट्रपति': टैरिफ पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर उन्होंने कहा कि हालांकि मैं इंटरनेशनल पर्सनालिटी नहीं हूं. मैं सरकार का आदमी हूं परंतु जिस प्रकार से अमेरिका के राष्ट्रपति बिना सिर पैर की बातें कर रहे हैं, इससे पूरी दुनिया परेशान है.


