ETV Bharat / state

करनाल में विपक्ष पर गरजे मंत्री कृष्ण बेदी, सुरक्षा मुद्दे पर इनेलो-जेजेपी को घेरा, कांग्रेस पर साजिश और भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने करनाल में कांग्रेस और इनेलो-जेजेपी पर हमला बोला.

Minister Krishan Kumar Bedi
करनाल में विपक्ष पर गरजे मंत्री कृष्ण बेदी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 17, 2025 at 11:21 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

करनाल: हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने करनाल में कांग्रेस और इनेलो–जेजेपी पर तीखा प्रहार किया. पानीपत में कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मंत्री करनाल पहुंचे. इस दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री बेदी ने कहा कि, "विपक्ष विकास के मुद्दों पर विफल होने के बाद अब अनर्गल बयानबाजी पर उतर आया है." इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी द्वारा हांसी को हरियाणा का 23वां जिला घोषित किए जाने को ऐतिहासिक निर्णय बताया.

सुरक्षा मुद्दे पर इनेलो-जेजेपी को घेरा: दिग्विजय चौटाला परिवार की सुरक्षा हटाए जाने के सवाल पर मंत्री बेदी ने इनेलो और जेजेपी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि, "सुरक्षा किसी राजनीतिक परिवार की जागीर नहीं है. सुरक्षा तय नियमों और प्रोटोकॉल के तहत दी जाती है. जो व्यक्ति न विधायक है, न सांसद और न ही किसी संवैधानिक पद पर है, उसे विशेष सुरक्षा देने का कोई औचित्य नहीं है. इस मुद्दे पर राजनीति करना इनेलो-जेजेपी की हताशा को दर्शाता है."

चौटाला परिवार की अंदरूनी कलह पर बोले मंत्री: मंत्री बेदी ने आगे कहा कि, "इनेलो और जेजेपी के बीच चल रहा विवाद चौटाला परिवार की अंदरूनी राजनीति का परिणाम है. कुछ लोग ताऊ देवीलाल के नाम पर दबाव की राजनीति करना चाहते हैं, जबकि ताऊ देवीलाल ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया. आज उसी परिवार में आपसी टकराव और असंतुलन जनता के सामने है."

विपक्ष पर गरजे मंत्री कृष्ण बेदी (ETV Bharat)

कांग्रेस पर साजिश और भ्रम फैलाने का आरोप: कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मंत्री बेदी ने कहा कि, "देश में भ्रम और साजिश की राजनीति कांग्रेस की पुरानी आदत रही है. कांग्रेस ने समय-समय पर देश विरोधी ताकतों को अप्रत्यक्ष समर्थन दिया है, जिसे अब जनता पूरी तरह नकार चुकी है."

चुनावी नतीजों से कांग्रेस का घटता जनाधार: बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए मंत्री बेदी ने कहा कि, "कांग्रेस वहां सीमित सीटों पर सिमट गई, जो उसके गिरते जनाधार का स्पष्ट संकेत है. जनता अब विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को तरजीह दे रही है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गए हैं."

राहुल गांधी के नेतृत्व पर उठाए सवाल: मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि, "130 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी आज वैचारिक संकट से गुजर रही है. राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की साख कमजोर हुई है और कांग्रेस लगातार राष्ट्रीय राजनीति में हाशिये पर जाती जा रही है."

डीजीपी पर टिप्पणी को बताया गैर-जिम्मेदाराना: हरियाणा के डीजीपी को लेकर विपक्षी नेताओं की टिप्पणी पर मंत्री बेदी ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि, "डीजीपी जैसे वरिष्ठ पद तक पहुंचने के पीछे वर्षों की सेवा और अनुभव होता है. कांग्रेस और इनेलो-जेजेपी द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह विपक्ष की बौखलाहट को भी उजागर करता है."

हांसी जिला बनाने को बताया सरकार की उपलब्धि: मंत्री बेदी ने हांसी को जिला घोषित करने पर कहा कि, "हांसी के स्थानीय विधायक लंबे समय से जिले की मांग उठा रहे थे, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया. यह फैसला हांसी की जनता के लिए नए साल का बड़ा तोहफा है. जिले का दर्जा मिलने से प्रशासनिक सुविधाएं बढ़ेंगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जबकि विपक्ष इस फैसले पर भी सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है."

ये भी पढ़ें:किसानों ने फिर खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा, पुतले फूंककर सभी जिलों में प्रदर्शन करेगा भाकियू चढूनी ग्रुप