नारायणपुर में मंत्री केदार कश्यप, अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन की टी शर्ट लॉंच, अब 31 जनवरी को आयोजन
नाराणपुर जिला प्रशासन ने मैराथन के पांचवें संस्करण की आयोजन तिथि 25 से बढ़ाकर 31 जनवरी की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 6, 2026 at 4:03 PM IST
नारायणपुर: कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने जिला सर्किट हाउस से अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण की आधिकारिक शुरुआत करते हुए मैराथन की टी-शर्ट का विमोचन किया. पीले और नीले रंगों से सजी यह टी-शर्ट बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति संजोए, अबूझमाड़ में शांति और उल्लास के पहचान को दर्शाती है.
आयोजन की तारीख में बदलाव
नारायणपुर जिला प्रशासन ने मैराथन आयोजन की तारीख में बदलाव किया है. 25 जनवरी के स्थान पर अब 31 जनवरी को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का आयोजन होगा. आयोजन तिथि को लेकर प्रतिभागियों और आमजन के विरोध, परेशानियों और सवालों के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है. इससे प्रतिभागियों को बेहतर तैयारी और सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है.
पांचवां संस्करण
मंत्री केदार कश्यप के साथ लघु वनोपज संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी अतिथियों की मौजूदगी में अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन की प्रतीकात्मक टी-शर्ट का अनावरण किया गया.

उद्देश्य और खास बातें
टी-शर्ट का डिजाइन विशेष रूप से बस्तर की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाता है. इसमें पीला रंग ऊर्जा, उत्साह और आशा का प्रतीक है. नीला रंग शांति, विश्वास और विकास की भावना को दर्शाता है. आदिवासी चित्र, अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के मूल उद्देश्य से जुड़ा हुआ है.
सकारात्मक बदलाव का प्रतीक-केदार कश्यप
मंत्री केदार कश्यप ने अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन को नारायणपुर जिले की पहचान बताया. उन्होंने कहा कि इस आयोजन की शुरुआत से अब तक अबूझमाड़ क्षेत्र शांति, विकास और तरक्की की दौड़ में निरंतर आगे बढ़ा है.
यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि शांति, एकता और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बन चुकी है-केदार कश्यम,मंत्री,छत्तीसगढ़ शासन

राष्ट्रीय स्तर पर है पहचान
टी-शर्ट विमोचन के साथ ही अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण को आधिकारिक हरी झंडी मिल गई है. अब तक चार बार इस मैराथन का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.
नारायणपुर पुलिस चलाएगी जागरूकता कार्यक्रम
पांचवें संस्करण के आयोजन के दौरान नारायणपुर पुलिस द्वारा मैराथन से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, विशेष इवेंट और गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का संदेश और उद्देश्य पहुंचाया जा सके.

