चौमूं में बवाल पर बोले गृह राज्य मंत्री बेढम- 110 उपद्रवी हिरासत में, कांग्रेस पर भी साधा निशाना
चौमूं में हुए बवाल पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि अतिक्रमणकारियों और उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी .

Published : December 26, 2025 at 9:15 PM IST
जयपुर : जिले के चौमूं कस्बे में देर रात मचे बवाल पर भजनलाल सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. यहां पथराव की घटना हो गई थी. इस मामले में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कस्बे में उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. वहां 110 लोगों को हिरासत में लिया गया है.अब हालात काबू में है. मंत्री बेढम ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस घटना पर वे ओछी राजनीति कर रहे हैं.
मंत्री ने इस मामले में शुक्रवार शाम को कहा कि अतिक्रमण वाले स्थान पर रेलिंग लगाने को लेकर गुरुवार देर रात विवाद हो गया था. पुलिस जब अतिक्रमण कर लगाई गई रेलिंग हटा रही थी, तभी गुस्साए उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला कर पथराव किया. इस हमले में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात काबू किया और करीब 110 लोगों को हिरासत में लिया है.
पढ़ें: चौमूं में विवाद के बाद इंटरनेट सेवा बंद, पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
बेढम ने कहा कि प्रशासन द्वारा रेलिंग लगाने से रोके जाने पर पुलिस पर पथराव हो गया. इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई. उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा रहा है.
डोटासरा को मंत्री की चेतावनी, राजनीति नहीं करें: बेढम ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस घटना पर डोटासरा ओछी राजनीति कर रहे हैं. वे कह रहे हैं कि पुलिस की मंशा धार्मिक स्थल हटाने की थी, लेकिन पुलिस सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवाने का काम कर रही थी. ऐसी घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, बल्कि शांति के प्रयास किए जाने चाहिए. बेढम ने कहा कि उपद्रव करने वाले लोगों को वीडियो, फोटो और अन्य सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है. नियमानुसार उनपर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई पर विपक्ष ओछी राजनीति कर रहा है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को धार्मिक रंग देकर अपनी राजनीति चमका रहे हैं. गृह राज्य मंत्री ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई धर्म या जाति देखकर नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की अतिक्रमण हटाने की नीति पूरी तरह निष्पक्ष है. इसमें धर्म या जाति का कोई सवाल नहीं है.

