स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी का बयान: राष्ट्र गान के बाद अब "वंदे मातरम" आखिर क्या चाहती है भाजपा?
झारखंड बजट सत्र के दौरान मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा.

Published : February 20, 2026 at 2:17 PM IST
रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में विधानसभा परिसर में राष्ट्रगीत का मुद्दा छाया रहा. वंदे मातरम के मुद्दे को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने बीजेपी को सीधे निशाने पर लिया. वहीं इसके जवाब में बीजेपी ने भी पलटवार किया.
सदन की कार्यवाही में भाग लेने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' गाने को लेकर बनें नियम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह क्या हो रहा है, भाजपा आखिर चाहती क्या है?
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि ये लोग हिंदुस्तान को जानते तक नहीं हैं, इस देश में कितने राज्य हैं और कितनी बोलियां बोली जाती है. इसकी भी जानकारी भाजपा के नेताओं को नहीं है. जिनकी देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा है वह हमें डिक्टेट करेंगे. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्हें वंदे मातरम से परहेज नहीं है लेकिन वह उनके (भाजपा) के इशारे पर नहीं चलेंगे.
चुनावी लाभ लेने के लिए झारखंड में एसआईआर- डॉ. इरफान
राज्य के स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने अप्रैल से राज्य में होनेवाले एसआईआर (SIR) को लेकर कहा कि बिहार में एसआईआर कर भाजपा उसका चुनावी लाभ ले चुकी है. वहां लाखों वैध वोटरों का नाम मतदाता सूची से SIR के नाम और काटा गया. उन्हें लगता है कि जहां जहां भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकार नहीं है वहां-वहां भाजपा एसआईआर के लिए ज्यादा लालायित है. झारखंड में हम सही वोटरों का नाम नहीं कटने देंगे. उन्होंने कहा कि हमारे लाखों लोग जीविका के लिए, मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर गए हुए हैं, अगर उनसे कागजात मांगा जाएगा तो वह कहां से कागज देंगे, इसका भी ध्यान रखना होगा.
रिनपास में इलाज कराना चाहिए डॉ इरफान अंसारी को- सीपी सिंह
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के बयान पर वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इरफान के नेता राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव जैसे नेताओं ने भी एसआईआर का विरोध किया था, उसका क्या नतीजा हुआ. एसआईआर भारत के निर्वाचन आयोग को मिला संवैधानिक अधिकार है और झारखंड में भी एसआईआर होकर रहेगा.
सीपी सिंह ने कहा कि उन्हें लगता है डॉ इरफान अंसारी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उन्हें रिनपास में भर्ती कराने की जरूरत है. डॉ इरफान अंसारी की बातों से लगता है कि वह "अंधा बांटे रेवड़ी" वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं, इसलिए उनसे जुड़ा सवाल कृपया कर नहीं पूछे.
इसे भी पढ़ें- अब राष्ट्रगान जन-गण मन से पहले गाया जायेगा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम, केंद्र के फैसले पर शुरू हुई सियासत
इसे भी पढ़ें- वंदे मातरम पर ममता के सधे सुर, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लगाया विश्वासघात का आरोप
इसे भी पढ़ें- वंदे मातरम् पर सरकार का आदेश असंवैधानिक, वापस नहीं हुआ तो न्यायालय जाएंगे: पर्सनल लॉ बोर्ड

