भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई, मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
गजेंद्र सिंह खींवसर ने कांग्रेस के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि भजनलाल सरकार पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है.

Published : January 7, 2026 at 7:16 PM IST
जयपुर: एक तरफ भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की सुनवाई का दौर लगातार जारी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इस कार्यक्रम पर सवाल उठा रही है. कांग्रेस के आरोपों के बीच चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने पलटवार किया है.
बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि भजनलाल सरकार कार्यकर्ता सुनवाइयों के माध्यम से पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सुनवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं परिवाद दिए हैं. ज्यादातर परिवादों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि कुछ समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.
इसे भी पढ़ें- कार्यकर्ता सुनवाई के बीच मंत्री गोदारा का तंज: 'राहुल गांधी की शादी हो जाए तो वे भी सुधर जाएंगे'
कई मामले स्वास्थ्य विभाग से संबंधित: मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि आज प्राप्त कुल परिवादों में से लगभग 66 प्रतिशत मामले चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित रहे. शेष परिवाद अन्य विभागों से जुड़े हुए थे, जिन्हें संबंधित मंत्रियों को अग्रेषित कर दिया गया है, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी कार्यकर्ता की समस्या लंबित न रहे और हर परिवाद का समयबद्ध समाधान हो.
मंत्री खींवसर ने जानकारी दी कि सुनवाई में करीब 150 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश तबादलों से संबंधित थे. इसके अतिरिक्त चिकित्सा संस्थानों में स्टाफ की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े विषयों पर भी कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी. मंत्री ने आश्वासन दिया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा कर यथाशीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- 20 दिन बाद फिर शुरू हुई कार्यकर्ता सुनवाई, सीएम ने भी सुनी समस्याएं
जवाबदेह प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध: उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं. इससे जमीनी स्तर पर मौजूद वास्तविक समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचती हैं और समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं. मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार कार्यकर्ताओं की भूमिका को सर्वोपरि मानते हुए पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है.
मंत्री खींवसर ने संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने और संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम संगठन और सरकार के समन्वय में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं. कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें- भाजपा मुख्यालय में फिर शुरू होगी कार्यकर्ता सुनवाई, 29 को दो मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याएं

