मंत्री दीपक बिरुआ ने जारी की चंपाई सोरेन की चार तस्वीरें, कहा- तीन पूर्व सीएम वाला होगा हाल
घाटशिला उपचुनाव का इफेक्ट ऐसा कि झामुमो चंपाई सोरेन पर लगातार हमलावर हो रहा है. इस बार तस्वीर जारी कर उनको निशाने पर लिया है.

Published : November 7, 2025 at 5:11 PM IST
रांचीः घाटशिला उपचुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे झामुमो की ओर से चंपाई सोरेन के खिलाफ हमले तेज हो रहे हैं. पिछले दिनों घाटशिला में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा था कि मुख्यमंत्री बनाया लेकिन भाजपा में चले गये. वैसे किसी के जाने से झामुमो को कोई फर्क नहीं पड़ता है.
अब चाईबासा के झामुमो विधायक सह मंत्री दीपक बिरुआ ने चंपाई सोरेन पर हमला बोला है. उन्होंने चार तस्वीरें जारी कर चंपाई सोरेन को मौकापरस्त करार देते हुए एक भविष्यवाणी की है. उनके राजनीतिक भविष्य की तुलना कोल्हान के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों से की है.
चार तस्वीरें जारी कर बताया मौकापरस्त
मंत्री दीपक बिरुआ ने पूर्व सीएम सह भाजपा नेता चंपाई सोरेन की झामुमो से जुड़ी चार तस्वीरें जारी कर उनको मौकापरस्त कहा है. एक तस्वीर में चंपाई सोरेन गुरुजी के साथ दिखाई दे रहे हैं. दूसरी तस्वीर उस समय की है जब रामदास सोरेन बीमार थे और चंपाई सोरेन उनका हालचाल जानने गये थे. तीसरी तस्वीर दिवंगत रामदास सोरेन द्वारा 17 फरवरी 2024 को लिखे गए उस पत्र की है, जिसके जरिए उन्होंने चंपाई सोरेन को विधायक दल का नेता चुने जाने पर आभार प्रकट किया था. वहीं चौथी तस्वीर में चंपाई सोरेन हेमंत सोरेन के साथ आमने-सामने बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं.
'कोल्हान के तीन पूर्व सीएम वाला होगा हाल'
मंत्री दीपक बिरुआ ने चंपाई सोरेन की तुलना कोल्हान के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों से की है. मंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा है कि तीन पूर्व भाजपाई मुख्यमंत्री (अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, रघुवर दास) कोल्हान के अपने राजनीतिक पारी के आखिरी पायदान पर आपका बेसब्री से राह देख रहे हैं जो 14 नवंबर को स्वतः चरितार्थ हो जाएगा.
दादा जोहार,
— Deepak Birua (@deepakbiruajmm) November 7, 2025
आपकी व्याकुलता आपकी व्यथा बता रही है।
जीवन में आपसे बहुत कुछ सीखा लेकिन आप
खुद की जमीर को मार कर सिर्फ पद और पुत्र के लिए अपने राजनीतिक अस्तित्व के अंत की तरफ अग्रसर हो गए जो हम सभी कभी सोच भी नहीं सकते।
आपकी मजबूरी सिर्फ @JmmJharkhand परिवार ही नहीं अपितु झारखंड… pic.twitter.com/mJWssgDFlf
जोहार दादा के साथ उन्होंने लिखा है कि खुद की जमीर को मार कर सिर्फ पद और पुत्र के लिए अपने राजनीतिक अस्तित्व के अंत की तरफ अग्रसर हो गये, जो हम सभी कभी सोच भी नहीं सकते. आपकी मजबूरी को सिर्फ झामुमो नहीं बल्कि पूरा झारखंड परिवार जानता है. आप हमेशा मौकापरस्त कहे जाएंगे. आपको अनुकंपा पर नहीं बहुत अरमानों से मुख्यमंत्री बनाया गया था लेकिन आप उस मर्यादा का पालन नहीं कर सके.
मंत्री दीपक बिरुआ ने यहां तक कहा है कि "बहुत बड़ी हार बाबूलाल की कर रही है इंतजार". साधुवाद कहते हुए आगे लिखा है " जनता को समर्पित स्व.रामदास दादा की चिट्ठी और आपके कृतज्ञता और सम्मान की कुछ पुरानी तस्वीर".
बता दें कि 11 नवंबर को घाटशिला सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग होनी है. यहां झामुमो की ओर से दिवंगत रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन मैदान में हैं तो दूसरी ओर भाजपा ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को दूसरी बार मैदान में उतारा है. दोनों दल धुआंधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. दोनों दल की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं. वैसे इसका खुलासा 14 नवंबर को काउंटिंग के दिन होगा.
इसे भी पढ़ें- घाटशिला में बड़ी मार्जिन के साथ भाजपा की जीत होगीः शुभेंदु अधिकारी
इसे भी पढे़ं- कल्पना सोरेन ने थामी प्रचार की कमान, घाटशिला में झामुमो के लिए मांगे वोट
इसे भी पढे़ं- मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में किया चुनाव प्रचार, बोली- रामदास सोरेन के विजन को करना है पूरा

