खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, वन दारोगा और वनकर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, जमकर की गुंडागर्दी
सितारगंज में वन दारोगा और वनकर्मियों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 21, 2026 at 10:16 AM IST
खटीमा: प्रदेश में खनन माफियाओं के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सितारगंज की रनसाली वन रेंज में अवैध खनन रोकने गए वन दारोगा और वनकर्मियों को खनन माफियाओं ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया. जब वो इस प्रयास में कामयाब नहीं हुए तो उन्होंने वन दारोगा और वनकर्मियों की मौके पर जमकर धुनाई कर दी. वन विभाग के दारोगा की तहरीर पर सितारगंज पुलिस ने साधुनगर निवासी राजकुमार समेत तीन लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है. वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
जनपद उधम सिंह नगर के सितारगंज के रनसाली रेंज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार वन दारोगा नंद किशोर पांडे, वन आरक्षी शक्ति सिंह और वन बीट अधिकारी भूपेंद्र कुमार के साथ आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, जब गश्त टीम कैलाश नदी किनारे पर पहुंची तो आरक्षित वन क्षेत्र से तीन ट्रेक्टर ट्राली में अवैध खनन सामग्री भरी जा रही थी. वन दारोगा ने खनन माफियाओं से कागज दिखाने को कहा तो वो टीम को कागज नहीं दिखा पाए.
जिसके बाद जबरन खनन माफिया उप खनिज से भरे ट्रैक्टर ट्रालियों को अपने साथ ले जाने लगे. वन दारोगा एवं वन कर्मियों द्वारा रोकने पर साधुनगर निवासी खनन माफियाओं ने वन दारोगा समेत टीम के साथ अभद्रता गाली गलौज एवं मारपीट शुरू कर दी. वन दारोगा को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया. इतना ही खनन माफियाओं ने वन दारोगा समेत वनकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी.जिसका वीडियो वन कर्मियों द्वारा बनाया गया. वहीं वन दारोगा की तहरीर के आधार पर सितारगंज पुलिस ने आरोपी राजकुमार समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल वन कर्मियों से खनन माफियाओं का मारपीट अभद्रता का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. गौर हो कि ये पूरी घटना सितारगंज के कैलाश नदी क्षेत्र की है, यहां घटना अवैध खनन कर रहे खनन माफियाओं को रोकने के दौरान ये घटना घटित हुई.
पढ़ें-

