नूंह में ज्वेलरी शॉप से करोड़ों की लूट मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली, जांच के लिए 6 टीमों का गठन
नूंह में ज्वेलरी शॉप से करोड़ों की लूट का मामला सामने आया है. घटना से व्यापारी वर्ग में खौफ का माहौल है.

Published : December 29, 2025 at 5:23 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 5:39 PM IST
नूंह: जिले के पिनगवां कस्बे में रविवार अहले सुबह करोड़ों रुपये की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस को सफलता नहीं मिल पायी है. वारदात के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. दरअसल, जिले के मुख्य बाजार स्थित नत्थीलाल हरिओम सोनी ज्वेलर्स (मैसर्स हरिओम ज्वेलर्स) को निशाना बनाकर नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था.
सीसीटीवी में वारदात कैद: इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. फुटेज के मुताबिक लूट रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई. छह नकाबपोश बदमाशों ने पहले दुकान के बाहरी ताले तोड़े, फिर लोहे की रॉड से शटर उखाड़ दिया. आधा शटर उठाकर बदमाश अंदर घुसे और हथियारों के बल पर पोटली व बैग में भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भरकर फरार हो गए.
एक करोड़ से अधिक की लूट: पीड़ित व्यापारियों की मानें तो लूट की गई ज्वेलरी की कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि पुलिस के प्रारंभिक अनुमान में यह राशि लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि आभूषणों और नकदी का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है, जिसके बाद वास्तविक नुकसान की तस्वीर साफ हो पाएगी.
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी: वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले डीएसपी जितेंद्र राणा मौके पर पहुंचे. बाद में देर शाम नूंह के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधीनस्थ अधिकारियों को जांच तेज करने के निर्देश दिए.
संगठित गिरोह पर शक: पीड़ित व्यापारियों और स्थानीय ज्वेलर्स का मानना है कि यह वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा की गई है. सीसीटीवी फुटेज में छह बदमाश साफ नजर आ रहे हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गिरोह में एक दर्जन से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. सभी बदमाश हथियारों से लैस थे, जिससे उनकी पेशेवर तैयारी स्पष्ट होती है.
6 टीमों का गठन, कई इलाकों में छापेमारी: मामले के खुलासे के लिए जिला पुलिस ने पिनगवां, फिरोजपुर झिरका और आसपास के क्षेत्रों में 6 विशेष टीमें गठित की हैं.पुलिस का दावा है कि टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह वारदात जिला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.
पीड़ित का बयान: इस पूरे मामले में पीड़ित दुकानदार हरिओम ने कहा कि, "पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, जिससे उन्हें भरोसा मिला है." वहीं, अन्य दुकानदार मनीष कुमार ने बताया कि, "इतनी बड़ी वारदात से बाजार में डर जरूर है, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उम्मीद बनी हुई है." इसके साथ ही एक और दुकानदार घनश्याम दास सोनी ने कहा कि, "यदि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए तो भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है." इस बड़ी लूट की घटना से कस्बे के व्यापारियों में दहशत का माहौल है.

