रुद्रपुर में दूधिए पर दूध दूषित करके बेचने का आरोप, CCTV फुटेज आया सामने, पुलिस ने कहा जांच पूरी होने दें
लोगों का आरोप है कि दूधिया छद्म नाम मुकेश बताकर दूध बेच रहा था, उसका असली नाम कुछ और निकला है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 27, 2026 at 12:52 PM IST
रुद्रपुर: शहर के रविंद्र नगर वार्ड नंबर 37 में एक दूध विक्रेता पर कथित रूप से दूध दूषित करके देने के आरोप के बाद हंगामा खड़ा हो गया. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है. सूचना मिलने पर पुलिस ने दूध विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होने की बात कह रही है.
रुद्रपुर में दूध दूषित करके बेचने का आरोप: रुद्रपुर शहर के रविंद्र नगर स्थित वार्ड नंबर 37 में बुधवार को दूध विक्रेता पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद माहौल गरमा गया. दूध विक्रेता पर कथित तौर पर दूध को दूषित कर ग्राहकों को देने का आरोप लगाया गया. मामला सामने आते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते विवाद की स्थिति पैदा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दूध विक्रेता को हिरासत में लेकर चौकी पहुंचाया.
पुलिस ने आरोपी दूधिए को हिरासत में लिया: जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कुछ लोगों को दूध विक्रेता की गतिविधियों को लेकर संदेह हुआ था. इसके बाद मामले की जानकारी हिंदू संगठन से जुड़े लोगों को दी गई. संगठन के लोगों ने पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दूध विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए चौकी ले गई.
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध दिख रही हैं गतिविधियां: मामले को लेकर उस समय चर्चा और तेज हो गई, जब दो दिन पहले की बताई जा रही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सामने आई. स्थानीय लोगों का दावा है कि फुटेज में दूध विक्रेता की कथित गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. कुछ लोगों का आरोप है कि दूध विक्रेता दूध को दूषित करता हुआ नजर आ रहा है. वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि फुटेज को देखने पर यह भी प्रतीत हो सकता है कि वह दूध को सूंघ रहा था. इसी वजह से वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई दे रही गतिविधि को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.
महिला ग्राहक ने लगाया दूध दूषित करने का आरोप: घटना के बाद दूध खरीदने वाली एक महिला ने बताया कि वह काफी समय से संबंधित दूध विक्रेता से दूध ले रही थी. महिला के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद उसने फिलहाल दूध लेना बंद कर दिया है. महिला ने कहा कि मामले की पुलिस को गंभीरता से जांच करनी चाहिए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.
पुलिस ने शुरू की जांच: वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा सामने आए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. इसके साथ ही हिरासत में लिए गए दूध विक्रेता से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब का है, उसमें दिखाई दे रही गतिविधि वास्तव में क्या है और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.
पुलिस का बयान : क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि-
दूध को दूषित करने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. दूध विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में ये भी बात पता चली है कि दूध विक्रेता ने अपना नाम मुकेश बताया था, जबकि उसका असली नाम कुछ और निकला. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-विभव सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी-
पुलिस ने कहा जांच पूरी होने दें: फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें और अफवाहों से बचें. सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: उत्तरकाशी में खाने को दूषित करने का मामला, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

