नाबालिग लड़कियों की शादी के दो मामले उजागर, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
हिमाचल प्रदेश में 2 नाबालिग लड़कियों का बाल विवाह और यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 2:07 PM IST
हमीरपुर: हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन में नाबालिग लड़कियों की शादी के दो गंभीर मामले सामने आए हैं. दोनों ही मामलों में लड़कियां गर्भवती पाई गईं हैं. अस्पताल पहुंचने पर उनके नाबालिग होने का खुलासा हुआ है. आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के अनुसार एक लड़की की उम्र 17 साल 8 महीने, जबकि दूसरी की उम्र मात्र 15 वर्ष ही पाई गई है. अस्पताल प्रशासन ने नियमों के तहत फौरन इसकी सूचना पुलिस थाना नादौन को दी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हमीरपुर में 2 नाबालिग लड़कियों का बाल विवाह!
पहले मामले में एक प्रवासी मूल की लड़की ने नादौन क्षेत्र के एक युवक से शादी की थी. गर्भवती होने के बाद जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची तो उसने अपनी उम्र 19 वर्ष बताया. अस्पताल प्रशासन द्वारा पहचान के लिए आधार कार्ड मांगेने पर शुरुआत में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाई. बाद में जब आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया तो उसमें दर्ज उम्र 17 साल 8 महीने पाई गई, जिससे उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई.
वहीं, दूसरे मामले में भी एक प्रवासी मूल की लड़की की शादी का मामला सामने आया है. यह लड़की भी गर्भवती अवस्था में अस्पताल पहुंची थी. दस्तावेजों की जांच के दौरान उसके आधार कार्ड में उम्र 15 वर्ष दर्ज है. उसने भी एक प्रवासी व्यक्ति से विवाह किया था. इन दोनों मामलों में एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब संबंधित लड़कियों ने अपने आधार कार्ड में दर्ज उम्र को गलत बताया.
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों का कहना है कि उनकी वास्तविक उम्र 18 वर्ष से अधिक है और दस्तावेजों में त्रुटि के कारण उनकी उम्र कम दर्ज हो गई है. इस दावे के बाद मामले और भी जटिल हो गए हैं, क्योंकि अब पुलिस को न केवल शादी की वैधता बल्कि दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच करनी पड़ रही है. अस्पताल प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दोनों मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दी. पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं, क्योंकि कानून के अनुसार नाबालिग के साथ विवाह और यौन संबंध गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया, "दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जिसमें लड़कियों की वास्तविक उम्र का सत्यापन, विवाह की परिस्थितियां और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका शामिल है. आधार कार्ड में उम्र गलत पाए जाने पर अन्य दस्तावेजों जैसे जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षणिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी."
ये भी पढ़ें: दो बच्चों को बिलखता छोड़ मां ने की आत्महत्या, मायके पक्ष का आरोप- शराब पीकर पीटता था पति
ये भी पढ़ें: शिमला में टैक्सी ड्राइवर को लात मारने वाला ASI सस्पेंड, वीडियो सामने आने के बाद एक्शन

