ETV Bharat / state

हिसार के रैन बसेरे में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, नशे में शुरू हुआ विवाद, आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस

हिसार रैन बसेरे में विवाद के बाद मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया.

Migrant Worker Beaten to Death in Hisar
हिसार के रैन बसेरे में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 18, 2026 at 12:27 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हिसार: जिले के मधुबन पार्क के सामने स्थित रैन बसेरे में एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

शराब के नशे में हुआ विवाद: पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जींद निवासी बलकार के रूप में हुई है, जो हिसार में मजदूरी करता था और रात में रैन बसेरे में ठहरता था. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो रात के समय दो मजदूरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि एक मजदूर ने बलकार को रैन बसेरे से बाहर निकालकर उसकी छाती पर कई बार पांव से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं, स्थानीय रोबिन ने बताया, "रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. आरोपी ने गुस्से में आकर बलकार को बाहर खींच लिया और बुरी तरह मारपीट की."

नशे में शुरू हुआ विवाद (ETV Bharat)

पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची मौके पर: घटना की सूचना सुबह पुलिस को दी गई. सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मवीर ने बताया, "बलकार रात को सोया हुआ था. इसी दौरान विवाद हुआ और आरोपी ने उस पर हमला कर दिया. हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है. मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. आरोपी कृष्ण की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा."

आरोपी की तलाश जारी: पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं. थाना प्रभारी कर्मवीर ने कहा, "प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है. आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा."

ये भी पढ़ें:गैंगस्टर दिनेश गोगा हत्याकांड: मुठभेड़ के बाद अंकित बाबा गैंग का सदस्य गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल