ETV Bharat / state

झारखंड पर मानसून मेहरबान, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बरसेंगे बादल

रांची समेत झारखंड के 8 जिलों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. रांची में सुबह से बारिश हो रही है.

WEATHER REPORT IN RANCHI
सांकेतिक तस्वीर (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 6, 2026 at 8:56 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम केंद्र ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. रांची में सुबह से ही रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है.

सोमवार को पूरे राज्य में बदलेगा मौसम का मिजाज

6 जुलाई को झारखंड के लगभग सभी जिलों में आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र रांची का कहना है कि दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और कहीं-कहीं तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है.

weather report in ranchi
बारिश वाले संभावित जिले (फोटो-सौ. मौसम विभाग)

इन आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र ने सोमवार को रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई है. इन जिलों में जलभराव, दृश्यता कम होने और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी

सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि राज्य के अलग अलग हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है. ऐसे मौसम में खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने की अपील की गई है.

weather report in ranchi
7 जुलाई को बारिश होने वाली संभावित जिले (फोटो-सौ. मौसम विभाग)

7 जुलाई को उत्तर-पूर्वी झारखंड पर रहेगा ज्यादा असर

7 जुलाई को भी राज्य में मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी. अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा. हालांकि उत्तर-पूर्वी झारखंड और उससे सटे मध्य भाग, विशेषकर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान भी गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का असर बना रहेगा.

8 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

8 जुलाई को मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. पूरे राज्य में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. वहीं उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार मेघ गर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां भी जारी रह सकती हैं, इसलिए लोगों को लगातार सतर्क रहने की जरूरत है.

weather report in ranchi
संभावित बारिश वाले जिले (फोटो-सौ. मौसम विभाग)

मौसम में बदलाव की वजह

झारखंड में सोमवार को मौसम के बदले मिजाज की सबसे बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची के दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सशक्त निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है. यही सिस्टम झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है.

तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में अधिकतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है. बादलों और वर्षा की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. अगले कुछ दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है, जबकि वातावरण में नमी बनी रहेगी.

ये भी पढ़ें: झारखंड में मानसून दिखाएगा दम, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट, 5 और 6 जुलाई को भारी बारिश के संकेत

कैसे बनता है 'अल नीनो'? जानिए मानसून पर असर की प्रक्रिया? 19वीं शताब्दी में पेरू के मछुआरों ने पहली बार देखा था 'अल नीनो'

जून में सामान्य से आधी भी नहीं हुई झारखंड में मानसूनी बारिश, कई जिलों में स्थिति चिंताजनक, जुलाई में राहत मिलने की उम्मीद