ETV Bharat / state

SECL के फैसले से चिरमिरी में लोग नाराज, बड़ीबाजार-बरतुंगा मुख्य सड़क बंद करने पर दो वार्डों के लोगों ने SDM को सौंपा ज्ञापन

कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग को बताया असुरक्षित, जंगल और भारी वाहनों के बीच आवाजाही से दुर्घटना का खतरा, सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

memorandum Against road closure
बड़ीबाजार-बरतुंगा मुख्य सड़क बंद करने पर दो वार्डों के लोगों ने SDM को सौंपा ज्ञापन (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : July 8, 2026 at 9:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

एमसीबी: जिले के चिरमिरी क्षेत्र में बड़ीबाजार से बरतुंगा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बंद कर दिया गया है. ये मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. SECL प्रबंधन के इस निर्णय के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है. बुधवार को बड़ी संख्या में नागरिक और जनप्रतिनिधि एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सड़क दोबारा खोलने या सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.

वर्षों से लोगों की जीवनरेखा है यह सड़क

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ीबाजार-बरतुंगा मुख्य मार्ग से रोजाना लोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए आते-जाते हैं. ऐसे में बिना लोगों की सहमति के इस सड़क को बंद करना आम जनता के लिए बड़ी परेशानी बन गया है.

SECL के फैसले से चिरमिरी में लोग नाराज (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

SECL ने कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग से जाने की दी सलाह

लोगों का आरोप है कि SECL ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर मुख्य सड़क बंद कर दी और बरतुंगा के लोगों को कोयला परिवहन वाले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा है. लेकिन इस रास्ते को लेकर लोगों ने गंभीर आपत्ति जताई है.

memorandum Against road closure
जंगल और भारी वाहनों के बीच आवाजाही से दुर्घटना का खतरा (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

जंगल और भारी वाहनों के कारण हादसे का डर

स्थानीय लोगों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग जंगल से होकर गुजरता है, जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है. वहीं इसी रास्ते से दिन-रात कोयला ढोने वाले भारी डंपर और ट्रेलर भी चलते हैं. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वालों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.

नया रास्ता पहले की तुलना में काफी लंबा है. इससे समय ज्यादा लगेगा और ईंधन का खर्च भी बढ़ेगा. यह विकल्प आम लोगों के लिए बिल्कुल भी सुविधाजनक नहीं है.- उपेंद्र सिंह, स्थानीय निवासी

memorandum Against road closure
सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की मांग (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

पहले भी किया था विरोध

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उन्होंने पहले भी SECL प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर मुख्य सड़क बंद नहीं करने और सुरक्षित विकल्प तैयार करने की मांग की थी. लेकिन उनकी मांगों पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई.

memorandum Against road closure
कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग को बताया असुरक्षित (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

प्रशासन से मुख्य सड़क बहाल करने की मांग

बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे लोगों ने मांग की कि बड़ीबाजार-बरतुंगा मुख्य मार्ग को फिर से चालू कराया जाए. यदि सुरक्षा कारणों से ऐसा संभव नहीं है, तो पहले ऐसा वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए जो आम लोगों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सुविधाजनक हो.

SDM ने दिया कार्रवाई का भरोसा

एसडीएम विजेंद्र सिंह सारथी ने ज्ञापन लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित विभागों और SECL प्रबंधन से चर्चा कर जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला अब सिर्फ एक सड़क का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा का मुद्दा बन चुका है. यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो क्षेत्रवासी आंदोलन तेज कर सकते हैं.

भूस्खलन और जहरीली गैस के खतरे से चिरमिरी बरतूंगा मुख्य मार्ग बंद, 3 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
इंसाफ की गुहार : बेटा खो चुकी मां का नहीं कोई सहारा, आरोपी पुलिसकर्मी फरार, आर्थिक मदद को तरसा परिवार
एमसीबी में करैत सांप ने 3 को डसा, बच्ची की मौत, मामा भांजी की हालत गंभीर