ETV Bharat / state

झारखंड में शुरू हुई SIR प्रक्रिया, राज्य के 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 वोटर की होगी जांच

झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसआईआर को लेकर जानकारी दी.

SIR PROCESS IN JHARKHAND
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 30, 2026 at 8:06 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची/गढ़वा: झारखंड में मंगलवार से मतदाताओं की एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसके तहत राज्य के 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 वोटर की जांच होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक सहभागी एवं पारदर्शी प्रक्रिया है, इसका हर स्तर पर अंकेक्षण किया जाता है एवं अपील के भी प्रावधान हैं.

BLO-BLA-2 की बैठक हुई आयोजित

उन्होंने कहा कि आज पूरे राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित की गई. इसके साथ–साथ सभी मतदान केंद्रों के लिए बीएलओ को इन्यूमरेशन फॉर्म भी उपलब्ध करा दिया गया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वोटर लिस्ट में 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 वोटर शामिल है, हर वोटर के लिए दो दो इन्यूमरेशन फॉर्म बूथों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं.

जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार (Etv Bharat)

SIR में दर्ज वोटर की जानकारी जिक्र करना अनिवार्य

29 जुलाई तक चलने वाले इन्यूमरेशन के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर हर वोटर से संपर्क करेंगे. इन्मूरेशन फॉर्म में पिछले एसआईआर में दर्ज वोटर की जानकारी जिक्र करना अनिवार्य होगा और उस पर हस्ताक्षर कर बीएलओ को हर वोटर सौंपेंगे. उन्होंने प्रवासी मतदाताओं के संबंध में कहा कि ऐसे मतदाता ऑनलाइन माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म जमा कर सकते हैं, साथ ही मतदाता के अनुपस्थिति में उनके पात्र मतदाता परिजन भी उनके स्थान पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करा सकते हैं. उन्होंने कहा कि मतदाताओं की मैपिंग को दो स्तरीय प्रक्रिया द्वारा सत्यापित करने का कार्य किया जाएगा, जिसमें पहले स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर एवं दूसरे स्तर पर ईआरओ/एईआरओ द्वारा सत्यापित किया जाना है.

SIR की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए: CEO

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मीडियाकर्मियों को संंबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है. गैर भारतीय इस प्रक्रिया में भाग न लें. हर पात्र भारतीय नागरिक जो इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में शामिल किया जाएगा. इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय मतदाताओं को किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं देने होंगे.

घर-घर जाकर होगा एसआईआर

इस मौके पर जब बीएलओ घर-घर आये तो वैसे मतदाता जिनकी अभी भी विगत विशेष गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हुई है, वे बीएलओ को अपना विवरण बताकर मैपिंग करा लें. जन्म तिथि के आधार पर अपना, अपने माता पिता में से किसी एक का अथवा माता पिता दोनों का विगत के एसआईआर से मैपिंग के क्रम में अपने बीएलओ से विवरण साझा करेंगे. उन्होंने बताया कि 5 श्रेणी के मतदाता एब्सेंट, परमानेंटली शिफ्टेड, डेथ, डुप्लिकेट एवं गैर भारतीय का मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में नाम शामिल नहीं किया जाएगा.

एक भी अपात्र शख्स मतदाता सूची में नहीं जुड़ेंगे: सीईओ

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भारत के संविधान के आर्टिकल 326 का जिक्र करते हुए कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से नहीं छूटेंगे और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नहीं जुड़ेंगे. इसके लिए विशेष गहन पुनरीक्षण के सभी कार्य किए जा रहे हैं.

पारदर्शी होगी एसआईआर की प्रक्रिया

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आगे बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सहभागी है. हर फेज की जानकारी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने कहा कि इन्यूमरेशन फेज के शुभारंभ के अवसर पर जन–जन को इसके तथ्यों से अवगत कराने के लिए सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन किया गया था.

दो दिवसीय जागरूकता अभियान के पहले दिन सभी (ELC) मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से पूरे राज्य में एसआईआर से संबंध जागरूकता पोस्टर एवं वीडियो को मतदाताओं एवं फ्यूचर मतदाताओं को दिखाया एवं इसका पाठन कराया गया था.

इसके दूसरे दिन सभी जिलों के सोशल मीडिया हैंडल्स, मीडिया, डिजीटल क्रिएटर के माध्यम से #JharkhandSIR का उपयोग करते हुए एसआईआर से संबंधित तथ्यों को लाखों की संख्या में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचारित किया गया, जो ग्लोबल ट्रेंडिंग में भी दिखा.

गढ़वा में SIR को लेकर बैठक

गढ़वा जिले में मतदाता सूची का विशेष गहण पुनरीक्षण (SIR) कार्य में तेजी लाने के लिए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बताया गया कि झारखंड में एसआईआर कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है.

मतदाताओं के बीच बां टेंगे इन्यूमरेशन फॉर्म

एसआईआर कार्यक्रम की घोषणा फलस्वरूप प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सहभागी बनाने को लेकर बताया गया है कि 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ मतदाता के घर-घर जाएंगे एवं मतदाताओं के बीच इन्यूमरेशन फॉर्म बाटेंगे तथा मतदाताओं को विगत विशेष गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से उनकी मैपिंग सुनिश्चित करेंगे.

राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में विगत के विशेष गहन पुनरीक्षण वाले मतदाता सूची से मैपिंग की विवरणी को नागरिकता के लिए सुपीरियर दस्तावेज के रूप में माना गया है, जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो जाएगी, उन्हें मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में सामान्यतः कोई अन्य दस्तावेज नहीं देने होंग. ट

मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि इन्यूमरेशन फॉर्म मिलते ही बिना देर किए आवश्यक जानकारी भर कर एवं हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ को लौटाएं, ताकि मैपिंग कार्य में तेजी लाई जा सके और सभी पात्र मतदाताओं का रिकॉर्ड समय पर अद्यतन हो सके: पशुपति नाथ मिश्रा, डीसी

ये भी पढ़ें- SIR प्रक्रिया के लिए हजारीबाग तैयार, पीडीएफ के माध्यम से गणना प्रपत्र भेज सकते प्रवासी मतदाता

SIR को लेकर देवघर और रामगढ़ में आयोजित हुई बैठक, सफल क्रियान्वयन के लिए डीसी ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश

SIR में शिक्षकों की ड्यूटी पर विवाद, शिक्षक संघ ने कहा- गैर शैक्षणिक कार्य से बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित