प्रेम प्रसंग में Suicide की कोशिश; प्यार में धोखा मिलने पर तीसरी मंजिल से कूदी किशोरी, आरोपी गिरफ्तार
मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित अपार्टमेंट में हुई सनसनीखेज वारदात.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 9:00 AM IST
मेरठ : मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किशोरी ने तीसरी मंजिल छलांग लगा दी. बताया जा रहा कि किशोरी से एक गैर समुदाय के युवक ने दोस्ती करके शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया. लोकलाज और बदनामी के बाद किशोरी और उसका परिवार शहर में आकर रहने लगा था, लेकिन युवक यहां भी पहुंच गया. परिजनों ने ऐतराज जताया तो युवक भड़क गया और किशोरी पर तरह तरह के लांछन लगा दिए. इससे परेशान किशोरी ने अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल किशोरी को नजदीकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने उसकी रीढ़ की हड्डी और पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है.
सीओ सिविल लाइन सुचिता सिंह ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से थाना मेडिकल पर किशोरी के अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से कूदने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि मवाना निवासी जुनैद ने धोखे से किशोरी से दोस्ती की थी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता था. इस वजह से गांव से शहर में रहने लगे थे. बीते शनिवार को परिजनों की गैर मौजूदगी में जुनैद घर पहुंचा और किशोरी से जबरन दुष्कर्म किया. इससे डिप्रेशन में आकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया.
सीओ सुचिता सिंह के मुताबिक आरोपी जुनैद और किशोरी के परिवार के बीच रविवार को समझौता और शादी करने की बात तय हुई थी, लेकिन आरोपी जुनैद और उसके परिवार ने समझौते में आने से इनकार कर दिया था. इसके बाद किशोरी ने जान देने की कोशिश की. आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. किशोरी के बयानों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

