मेरठ के निशानेबाज असब ने फिर सोने पर साधा निशाना, नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के डबल ट्रैप इवेंट में किया कमाल
असब 15 बार से ज्यादा नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं, 2016 में प्रदेश सरकार ने लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 12:52 PM IST
मेरठ: उत्तर प्रदेश के अनुभवी निशानेबाज मोहम्मद असब ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उन्होंने 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (शॉटगन) के डबल ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में मंगलवार को संपन्न इस स्पर्धा में असब ने 4 राउंड में 27, 25, 28 और 21 हिट्स के साथ कुल 101 अंकों का स्कोर बनाकर चैंपियन बने.
मोहम्मद असब मेरठ जिले के छोटे से गांव अमरौली (बड़ा गांव) के मूल निवासी और वर्तमान में नौचंदी थाना क्षेत्र की रामबाग कॉलोनी में रह रहे हैं. असब एक प्रोफेशनल शूटर हैं, उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है.
असब का करियर उपलब्धियों से भरा पड़ा है. वह 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए ब्रांज मेडल जीत चुके हैं. उनकी प्रतिभा को देखते हुए साल 2016 में प्रदेश सरकार ने लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया था. बता दें कि साल 2013 में असब इकलौते ऐसे भारतीय निशानेबाज खिलाड़ी थे, जो कि आबूधाबी में हुए डबल ट्रैप वर्ल्ड कप फाइनल में खेलने गए थे.
तब असब का 4 वर्ल्ड कप और एक चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद चयन हुआ था. इसके बाद 2014 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में वह उभरकर निकले और उन्होंने वहां देश के के ब्रांज मेडल जीता था. इसके बाद अगले ही साल 2015 में असब ने जयपुर में आयोजित 59 वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के डबल ट्रैप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. असब 15 बार से ज्यादा नेशनल चैंपियनशिप में शामिल हो चुके हैं.
हालांकि बीते कई सालों से उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा था लेकिन अब एक बार फिर उन्होंने डबल ट्रैप में नेशनल चैंपियन बनकर अपनी मेहनत से पहचान को बरकरार रखा.
इस जीत पर असब ने कहा, "मैंने सिर्फ अपनी कोशिश की, सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया. हर खिलाड़ी का दिन होता है." फिलहाल दिल्ली में मौजूद असब जल्द ही घर लौटेंगे.
यह भी पढ़ें: बीटेक पानीपुरी वाली तापसी उपाध्याय ने थाईलैंड में रचा इतिहास, जीता मिस फिटनेस मॉडल का खिताब

