मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती मरीज ने किया सुसाइड, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
पत्नी ने कहा-अस्पताल प्रशासन मरीज से मिलने नहीं दे रहा था, स्टाफ का व्यवहार बेहद खराब था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 7:30 AM IST
मेरठ : शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज संजय चौधरी ने संदिग्ध हालात में आत्महत्या कर ली. मरीज को तीन दिन पहले खून की कमी के चलते परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने उसकी जान ली है. संजय चौधरी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के सुजानपुर का रहने वाला था. वह और उसका परिवार लगभग 20 साल से मेरठ में ही रह रहा था.
सीओ सिविल लाइन अभिषेक त्रिपाठी के अनुसार शहर के एक निजी अस्पताल में जेल चुंगी इलाके के हाइडिल काॅलोनी निवासी संजय चौधरी को एडमिट कराया गया था. संजय को खून की कमी थी. शुक्रवार रात संजय चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

संजय की पत्नी ज्योति ने बताया कि खून की कमी के चलते संजय को बुधवार को एडमिट कराया गया था. अस्पताल की तरफ से 4 यूनिट ब्लड की डिमांड की गई थी. तीन यूनिट ब्लड चढ़ चुका था. संजय को आईसीयू वार्ड में रखा गया था. अस्पताल प्रशासन किसी को संजय से मिलने नहीं दे रहा था. स्टाफ का व्यवहार भी बेहद खराब था.

हॉस्पिटल के मीडिया प्रभारी परमजीत रावत ने बताया कि 31 दिसंबर को मरीज को आईसीयू में भर्ती किया गया था. शुक्रवार को वह स्टाफ के साथ टॉयलेट गए थे. स्टाफ के लोग बाहर खड़े थे. इस दौरान उन्होंने टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद करके आत्महत्या कर ली. इसी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई थी. सीओ अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : मेरठ में 8वीं के छात्र का शव बाथरुम में लटका मिला; BSF जवान पिता मेघालय में हैं तैनात

