ETV Bharat / state

Meerut Metro; बेगमपुल सबसे व्यस्ततम स्टेशन, राइडरशिप का बना रिकॉर्ड

सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, शताब्दी नगर और मौदीपुरम जैसे स्टेशनों पर भी अच्छी राइडरशिप दर्ज की गई है.

मेरठ में मेट्रो का संचालन.
मेरठ में मेट्रो का संचालन. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 7:57 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मेरठ : देश की पहली रीजनल ट्रेन नमो भारत अपने कुल 82 किलोमीटर के ट्रैक पर रफ्तार पकड़ रही है. सबसे ज्यादा राइडरशिप के मामले में मेरठ का बेगमपुल स्टेशन सबसे आगे है. दूसरे नंबर पर दिल्ली का आनंद विहार और तीसरे नंबर पर गाज़ियाबाद स्टेशन है. इसी क्रम में सराय काले खां, शताब्दी नगर और मौदीपुरम जैसे स्टेशनों पर भी अच्छी राइडरशिप दर्ज की गई है. इसके अलावा पहले से परिचालित न्यू अशोक नगर स्टेशन से भी बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 फरवरी को मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर के खंड और दिल्ली के न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक 5 किलोमीटर खंड का उद्घाटन किया था. साथ ही मोदीपुरम से सराय काले खां तक 15 स्टेशनों के साथ संपूर्ण 82 किलोमीटर लम्बे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है. पीएम ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेरठ मेट्रो का भी उद्घाटन किया था जो देश में अपने तरह का अनूठा इंफ्रास्ट्रक्चर है.



NCRTC के CPRO पुनीत वत्स ने बताया कि दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष खंडों और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के बाद पहले दिन के ऑपरेशन के दौरान नेटवर्क के मुख्य स्टेशनों पर यात्रियों की अभूतपूर्व संख्या देखी गई है. मेरठ का बेगमपुल स्टेशन कॉरिडोर का सबसे व्यस्त स्टेशन रहा है. जहां यात्रियों की सबसे अधिक संख्या रिकॉर्ड की गई है. आनंद विहार और गाज़ियाबाद ने भी व्यस्ततम स्टेशनों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया है. पूरे कॉरिडोर पर सबसे अधिक यात्रियों ने मेरठ के बेगमपुल स्टेशन से आवाजाही की है. एक दिन में NCRTC के ट्रैक पर कुल राइडरशिप की बात करें तो ये 1 लाख से अधिक रही है जो इस कॉरिडोर पर एक दिन में रिकॉर्ड की गई अब तक की सबसे अधिक राइडरशिप है. उद्घाटन से पहले तक दैनिक औसत राइडरशिप लगभग 60 हजार दर्ज की जा रही थी.



बेगमपुल मेरठ का सबसे बड़ा स्टेशन : पुनीत वत्स ने बताया, मेरठ शहर के केंद्र में स्थित भूमिगत, बेगमपुल स्टेशन कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है. जहां दिनभर चहल-पहल देखी गई. बेगमपुल स्टेशन की लोकेशन शहर के आबू लेन मार्केट और बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट के ठीक बीच में है और यहां सबसे ज्यादा चहल पहल रहती है. जिसका फायदा मिल रहा है. नमो भारत और मेरठ मेट्रो से यहां से यात्रा की जा सकती है. उद्घाटन के साथ ही यह स्टेशन शहर के पसंदीदा मोबिलिटी हब में परिवर्तित हो गया है.

इसके अलावा कॉरिडोर पर सबसे बड़े मल्टी-मॉडल ट्रांज़िट हब, दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन ने दूसरी सबसे ज़्यादा राइडरशिप दर्ज की है. हालांकि मेरठ के बेगमपुल के मुकाबले आनंद विहार स्टेशन ऐसा है, जहां से विभिन्न 6 परिवहन साधन हैं, जैसे आनंद विहार रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक और ब्लू लाइन, स्वामी विवेकानंद आईएसबीटी, कौशांबी स्थित यूपीएसआरटीसी बस स्टैंड और सिटी बस स्टैंड के साथ कनेक्टिविटी ये देता है. तीसरे नंबर पर गाज़ियाबाद स्टेशन है, यहां भी यात्रियों की काफी अधिक संख्या रही.



मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज स्पीड वाली मेट्रो : मेरठ मेट्रो की बात करें तो 135 किलोमीटर प्रति घंटे की इसकी डिज़ाइन स्पीड है और 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज़ मेट्रो प्रणाली बन गई है. मेरठ में मेरठ मेट्रो के 21 किलोमीटर के खंड में कुल 12 स्टेशन हैं. जिनमें से मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम इंटरचेंज स्टेशन हैं. नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों में से किसी का भी चयन यहां किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें :

यह भी पढ़ें :