पर्यावरण संरक्षण में आप भी बन सकते हैं भागीदार, उद्यान विभाग फ्री दे रहा ये फलदार पौधे
मेरठ के उद्यान विभाग को 2 लाख 11 लाख पौधे रोपण करने का लक्ष्य मिला है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 2:10 PM IST
मेरठ : गर्मी के सीजन के बीच में अब मानसून ने दस्तक दे दी है. ऐसे में यूपी में करोड़ों पौधे लगाए जाने हैं. उद्यान विभाग की तरफ से फलदार पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं. जिन्हें किसान अपनी खेत की मेड़ पर लगा सकते हैं. जानिए आप भी किस तरह निःशुल्क फलदार पौधे पा सकते हैं और पर्यावरण सुरक्षा में भागीदार बन सकते हैं.
मेरठ मंडल की उद्यान विभाग की उपनिदेशक पूजा ने बताया कि शासन स्तर से इस बार प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है. उद्यान विभाग को भी प्रदेश के प्रत्येक जिले में फलदार पौधे रोपने हैं. ये पौधे उद्यान विभाग की नर्सरियों में उपलब्ध हैं. मेरठ जिले में 2 लाख 11 हजार फलदार पौधे रोपने का लक्ष्य है. बागपत में 97 हजार, गाजियाबाद में 49 हजार, हापुड़ में 83 हजार, गौतमबुद्ध नगर में 40 हजार फलदार पौधे और बुलंदशहर में 3 लाख 11 हजार फलदार पौधे रोपने का लक्ष्य है. मेरठ मंडल में इस बार सर्वाधिक फलदार पौधे बुलंदशहर में लगाए जाने का लक्ष्य विभाग को मिला है.

जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत मेरठ में इस बार उद्यान विभाग को 2 लाख 11 लाख पौधे रोपण करने का लक्ष्य मिला है. उद्यान विभाग हमेशा फलदार पौधों का ही रोपण कराता है. किसानों को आम, जामुन, सहजन, कटहल, बेल, बेर और अमरूद आदि के पौधे प्रमुख रूप से उपलब्ध कराए जाते हैं. कोई भी किसान उद्यान विभाग से ये पौधे निःशुल्क ले सकता है.
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि पौधे कितने भी लिए जा सकते हैं. कोई आधार कार्ड आदि दिखाने की भी आवश्यकता नहीं है. मेरठ जिले की बात करें तो पिछले वर्ष की तुलना में इस बार फलदार पौधे रोपने के लक्ष्य में काफी बढ़ोतरी हुई है. बीते साल मेरठ जिले में कुल 1 लाख 64 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य था. जबकि इस बार 2 लाख 11 हजार पौधे लगाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें : पर्यावरण को बचाने के लिए पेड़ लगाने होंगे, बोले NGT अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव

