मेरठ में युवक को घेरकर चाकू से गोद डाला; फिर सीने में दाग दी गोली, 2 आरोपी गिरफ्तार
सरूरपुर थाना क्षेत्र स्थित डाहर गांव में शुक्रवार रात हुई सनसनीखेज घटना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 10:58 AM IST
मेरठ : सरूरपुर थाना क्षेत्र स्थित डाहर गांव में शुक्रवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को बीच सड़क रोककर जघन्य तरीके से मौत के घाट उतार दिया. दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया था. उन्होंने पहले युवक की गर्दन, पेट और पीठ पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए और फिर सीने में गोली मार दी.
मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र स्थित डाहर गांव में शुक्रवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को बीच सड़क रोककर जघन्य तरीके से मौत के घाट उतार दिया. दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने पहले युवक की गर्दन, पेट और पीठ पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए और फिर सीने में गोली मार दी. फायरिंग और चीख-पुकार की आवाज सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन हमलावर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
मृत युवक की पहचान डाहर गांव निवासी सालिम उर्फ मन्नू (22) पुत्र शहजाद के रूप में हुई है. सालिम मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था. परिवार में उसकी मां जाहिदा, पत्नी रानी और 1 साल की मासूम बेटी है. करीब डेढ़ साल पहले ही सालिम की शादी हुई थी. सालिम शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे घर से जरूरी सामान लेने बाजार जा रहा था. तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है.
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि इस हत्याकांड के तार पुरानी रंजिश से जुड़े हैं. बताया जा रहा है कि ईद के त्योहार के दौरान सालिम का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद और मारपीट हुई थी. उस वक्त सरूरपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था. आरोपी इसी बात से रंजिश रखते थे और अब सालिम की हत्या कर दी.
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात सरूरपुर क्षेत्र के डाहर गांव में सालिम नामक युवक की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वाट समेत कुल 4 टीमों का गठन किया. महज दो घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य नामजद आरोपी शहजाद और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया गया है. शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह ईद के समय हुआ पुराना विवाद और आपसी रंजिश निकलकर आई है. मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें : अमेठी में युवक की हत्या के बाद चेहरा जलाने की कोशिश, पुलिस जांच में आई ऐसी बात

