मेरठ लिसाड़ी गेट अग्निकांड; सपा का डेलिगेशन पीड़ित परिवार से मिला, 4 लाख रुपये का चेक दिया
किठोर विधायक शाहिद मंजूर ने कहा कि 4 लाख रुपये से पीड़ित परिवार के मकान की भी मरम्मत नहीं हो सकती, लेकिन कुछ मदद होगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 6:44 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 6:52 PM IST
मेरठ: मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में बीते सप्ताह हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद आज समाजवादी पार्टी का एक डेलिगेशन पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचा. पार्टी की तरफ से दुख की इस घड़ी में परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया. सोमवार को सपा के स्थानीय नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. यह आर्थिक मदद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के विशेष निर्देश पर प्रदान की गई है.
वरिष्ठ सपा नेता पीड़ित परिवार से मिले: इस अवसर पर मेरठ से सपा विधायक शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बता दें कि 23 फरवरी को कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के तीन मंजिला मकान में अचानक भयंकर आग लग गई थी. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी तबाही हुई. घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य नमाज पढ़ने गए हुए थे, जिससे घर में केवल महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे.
अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत: आग और धुएं के गुबार के कारण आसिम की पत्नी रुखसार, 3 वर्षीय बेटा अकदस और 6 महीने की जुड़वा बेटियों नबिया व इनायत की मौत हो गई. इसके अलावा बेटे फारूक की बेटी महविश और बेटे हम्माद ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी. इकबाल की पत्नी अमीर बानो इस भीषण आग में गंभीर रूप से झुलस गई थीं, जिनका उपचार चल रहा है. स्थानीय विधायक रफीक अंसारी ने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक और अपूरणीय क्षति बताया है.
राजनीतिक दलों का समर्थन: किठोर विधायक शाहिद मंजूर ने कहा कि दी गई राशि मकान की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त नहीं है, लेकिन इससे परिवार को कुछ तात्कालिक मदद जरूर मिलेगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा की सरकार आने पर ऐसे पीड़ित परिवारों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी. इसके पहले 'आप' नेता संजय सिंह और 'आजाद समाज पार्टी' के चंद्रशेखर आजाद भी पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं जता चुके हैं.
यह भी पढ़ें- अविमुक्तेश्वरानंद के गौ-रक्षा प्रोग्राम पर केशव प्रसाद मौर्य बोले; "11 मार्च को शंकराचार्य का करेंगे स्वागत"

